App

अक्टूबर के आखिरी दिनों में भी MP में बरसेगा पानी: 5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा आफत

मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में पिछले 7 दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 5 जिलों में अलर्ट जारी किया है. वहीं 24 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ का असर 2 से 3 दिन बाद प्रदेश में देखने को मिल सकता है.

अक्टूबर के आखिरी दिनों में भी MP में बरसेगा पानी: 5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा आफत
Image Credit: एमपी की 5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट (फाइल फोटो)

मध्य प्रदेश में अक्टूबर के आखिरी दिनों में भी बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही है. मानसून के जाने के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद थी, लेकिन एक के बाद एक सक्रिय हो रहे वेदर सिस्टम के कारण बारिश का दौर जारी है. मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाके में पिछले 7 दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 2 से 3 दिन बाद मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है. फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से आंधी और बारिश का दौर बना हुआ है. गुरुवार को इंदौर धार सहित पश्चिम मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, वहीं राजधानी भोपाल में दिनभर तेज धूप के बाद शाम को बादल छाए रहे.

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार थाईलैंड और म्यांमार के ऊपर बना एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) उत्तर अंडमान सागर की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. जैसे-जैसे यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा यह और अधिक तीव्र हो सकता है, जिसके कारण मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है.

24 अक्टूबर से बदलेगा मौसम

इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय है. इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छा रहे हैं और गरज के साथ तूफान की स्थिति बन रही है. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 24 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) आ सकता है, जिससे मौसम में और बदलाव होने की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना

आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है. रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है. एक दिन पहले इस मौसम में पहली बार राज्य में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से नीचे चला गया. सबसे कम तापमान 13.4°C, करौंदी (कटनी) में दर्ज किया गया. अमरकंटक में तापमान 14.5°C, रीवा में 15°C, उमरिया में 15.4°C और कल्याणपुर (शहडोल) में 15.9°C रहा. दिन के तापमान में भी गिरावट आई है. इंदौर और टीकमगढ़ में पारा 34 डिग्री से नीचे आ गया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja

Pooja

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More