‘मैं उसे जानता तक नहीं…’, जहरीली शराब कांड में घिरे गोविंद राजपूत ने आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, दिग्विजय-जीतू पर भी भड़के
सागर जहरीली शराब कांड मामले में पहली बार मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे. जहां पर उन्होंने जहरीली शराब कांड के पीड़ितों से मुलाकात कर हाल चाल जाना. इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी पलटवार किया है.
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब कांड मामले में प्रदेश सरकार के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पहली बार बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे. जहां उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना. इसके अलावा, मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों से मरीजों के इलाज को लेकर जानकारी ली. मरीजों से मुलाकात के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपनी गैरमौजूदगी को लेकर कहा कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने की वजह से वह सागर नहीं आ पाए थे. उन्होंने कहा कि वह लगातार मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के संपर्क में थे. पूरे मामले की जानकारी लेते रहे.
वहीं मंत्री गोविंद राजपूत ने बताया कि जहरीली शराब कांड में 20 मौतें हुई हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना में जान गंवाने वाले सभी 20 लोगों के परिजनों को सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाएगा. तीन दिन के अंदर मुआवजे की राशि उनके खातों में पहुंच जाएगी. उन्होंनें आगे बताया कि अभी ICU में लगभग 6 मरीज भर्ती हैं. 6 मरीज ICU से बाहर हैं. इसके अलावा, तीन लोग ऐसे हैं, जिनकी आंखों में प्रॉब्लम है. अब उनको थोड़ा-थोड़ा दिखाई देने लगा है. मंत्री ने मरीजों के नाम लेते हुए बताया कि एक गोविंद अहिरवार, दूसरा सुनीन विश्वकर्मा और तीसरा सुल्तान सिंह गुफरा हैं. इन तीनों मरीजों को तुरंत एम्स भिजवा रहे हैं. ताकि मरीजों की अच्छे से दवाई हो सके. जिन लोगों की आंखों की रोशनी पहले से कम हो गई थी, अब उन्हें इलाज के बाद दिखाई देना शुरू हो गया है.
ये भी पढ़ेंः सागर जहरीली शराब कांड: आरोपी चंदू राजा से मंत्री गोविंद राजपूत का क्या कनेक्शन? पटवारी के बाद दिग्विजय के आरोपों ने बढ़ाई टेंशन
पटवारी के आरोपों का जवाब
वहीं उन्होंने आरोपी चंदू राजा से संबंधों के आरोपों पर मंत्री गोविंद राजपूत ने सफाई देते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है, उसे जानते तक नहीं है. उन्होंने कहा कि उनका और उनके परिवार का शराब, सट्टा और जुआ से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों पर पलटवार कहते हुए कहा कि जीतू पटवारी कांग्रेस अध्यक्ष जरूर हैं. लेकिन उनमें बचपना बहुत ज्यादा है. उन्होंने कहा कि, जीतू पटवारी यहां बोल गए हैं कि बंडा का कोई शराब कांड में शामिल था, वो गोविंद सिंह राजपूत का रिश्तेदार है. उन्होंने कहा कि मैं तो जानता भी नहीं हूं. न ही मेरा कोई रिश्तेदार है. उन्हें पहले पता कर लेना चाहिए, कि वास्तविकता क्या है?
कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है
मंत्री ने कहा कि, आजकल तो कोई भी आता है, गुलदस्ता देता है, फोटो खिंचवाकर चला जाता है. हम तो उसको जानते नहीं हैं. मैं आज भी कह रहा हूं कि मैं जब से राजनीति में सक्रिय हूं, जनसेवा में सक्रिय हूं, तब तक शराब, सट्टा, जुआ से कोई लेना देना नहीं है. मैं किसी व्यक्ति की शराब, सट्टा, जुआ के मामलों में मदद भी नहीं करता हूं. यह बात हमारे पूरे जिले के और क्षेत्र के लोग जानते हैं. वहीं उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के आरोपों पर जवाब दिया है कि ना कांग्रेस पार्टी गंभीरता से ले रही है, ना ही आम जनता गंभीरता से ले रही है, ना ही कांग्रेस का हाईकमान गंभीरता से ले रहा है.
ये भी पढ़ेंः सागर शराब कांड: 'शराब माफिया से 50 लाख रुपए महीना लेते हैं SP...', दिग्विजय सिंह का बड़ा आरोप, न्यायायिक जांच पर भी उठाए सवाल
दिग्विजय सिंह पर भी कसा तंज
दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए मंत्री राजपूत ने कहा, अब इस समय दिग्विजय सिंह का हाल बिना शहद के छत्ते जैसा है. छत्ता तो है, शहद गायब है. अब चुनाव लड़े तो दो-दो चुनाव हार गए. कांग्रेस हाईकमान ने कहा कि आप यात्रा करो, इस यात्रा से हमारा कोई रोल नहीं रहेगा. उन्होंने आगे कहा, अब इस समय वो फुरसत में हैं. 80 साल की उम्र में उनको भगवान के भजन करना चाहिए. तो हम भी उनको एक माला दे देंगे. लेकिन भजन ना करके, आजकल बैठे-बैठे फुरसत में रहते हैं. कोई कहीं हुआ, एक ट्वीट किया. दिग्विजय सिंह ट्वीट मास्टर हैं. उन्होंने जहरीली शराब कांड में कार्रवाई को लेकर कहा कि मैं किसी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं. मैंने तो प्रशासन से कहा कि कड़ी से कड़ी कार्रवाई करो, चाहे कोई भी हो.
(रिपोर्टः महेंद्र दुबे, सागर)