)
कटनी के बरगवां स्थित किसना हीरा एवं आभूषण केंद्र में हुई करीब 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी की जांच में अब एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. करोड़ों की इस चोरी को अंजाम देने वाला शातिर गिरोह वारदात से कई दिन पहले ही कटनी पहुंच चुका था. पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाश 11 नहीं, बल्कि 10 नवंबर को ही शहर में दाखिल हो गए थे. चार आरोपियों ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल गणपति प्लाजा में कमरा लेकर ठिकाना बनाया था. खास बात यह है कि इनमें से दो बदमाशों ने होटल में अपने आधार कार्ड भी जमा किए थे, और सभी चोरों की फोटो भी सामने आ चुकी है. जिनकी पुलिस जांच कर रही है.
जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि बदमाशों का निशाना सिर्फ किशना ज्वेलर्स नहीं था. गिरोह ने वारदात से पहले शहर के दूसरे ज्वेलरी शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी रेकी की थी. गजानन कॉम्प्लेक्स सहित शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की मौजूदगी सामने आई है. अब पुलिस इन फुटेज के जरिए बदमाशों की शहर में आवाजाही, संपर्कों और उनकी पूरी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
अन्य राज्यों में चोरी के मामले मिलेपुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय पेशेवर गैंग है. यह गिरोह गैस कटर के जरिए बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देने में माहिर बताया जा रहा है. ओडिशा, मुंबई, दिल्ली और झारखंड सहित कई राज्यों में इस गिरोह से जुड़े सदस्यों के खिलाफ इसी तरह की चोरी के मामले सामने आए हैं. आशंका है कि बदमाश पहले शहर में ठिकाना बनाते हैं, फिर कई दिनों तक रेकी कर वारदात को अंजाम देते हैं और इसके बाद दूसरे राज्य में फरार हो जाते हैं.
फिलहाल पुलिस ने चोरी में शामिल बदमाशों को चिन्हित करने का दावा किया है. उनके हुलिए और पहचान से जुड़ी जानकारी जुटा ली गई है. झारखंड और उत्तरप्रदेश सहित अलग-अलग राज्यों में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. जांच में जबलपुर पुलिस की टीम भी सहयोग कर रही है. होटल के दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है.
ये भी पढ़ेंः पहले गोल्ड लोन बैंक, अब ज्वेलर्स शोरूम… कटनी में 15 करोड़ की चोरी से पुलिस के फूले हाथ-पांव, IG-DIG ने संभाला मोर्चा
एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने बताया कि सीनियर अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग चल रही है. उन्होंने कहा कि पहचान के आधार पर 6-7 संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित किया है. आगे बताया कि पुलिस अधीक्षक महोदय और आईजी के निर्देश के मुताबिक टीमें लगातार मॉनिटरिंग के लिए रवाना हो चुकी हैं. उन्होंने कहा कि सभी आरोपी दूसरे स्थानों के रहने वाले हैं. इन्होंने पहले से प्लानिंग की थी और घटना से दो दिन पहले यहां आए थे. जल्द ही मामले में सफलता मिलेगी.
(रिपोर्टः नितिन चावड़े, कटनी)