)
कटनी में करोड़ों की चोरी ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. बरगवां स्थित किशना हीरा एवं आभूषण केंद्र में हुई करीब 12 से 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी के बाद अब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद मोर्चे पर उतर आए हैं. आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर वारदात का बारीकी से निरीक्षण किया. दस्तावेजों से लेकर मौके पर मिले साक्ष्यों तक की पड़ताल की गई. वहीं अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए हैं कि इस बड़ी चोरी का जल्द खुलासा हो और आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचें.
दरअसल, 11 और 12 नवंबर की दरमियानी रात माधवनगर थाना क्षेत्र के बरगवां स्थित किशना ज्वेलर्स को शातिर चोरों ने निशाना बनाया था. बदमाशों ने दुकान के पीछे की दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद किया और उसी रास्ते शोरूम के अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद गैस कटर की मदद से तिजोरी को काटकर उसमें रखे करोड़ों रुपये के हीरे, सोने और अन्य आभूषण लेकर फरार हो गए. चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत 12 से 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
वारदात की गंभीरता को देखते हुए आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह घटनास्थल पहुंचे. दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने दीवार में बनाई गई सेंध, तिजोरी काटने के तरीके और वारदात में इस्तेमाल किए गए उपकरणों सहित तमाम महत्वपूर्ण पहलुओं का बारीकी से परीक्षण किया. अधिकारियों ने जांच में जुटी पुलिस टीम से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और हर एंगल से जांच करते हुए आरोपियों तक जल्द पहुंचने के निर्देश दिए.
इस पूरे मामले में CCTV फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकता है. सामने आए फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है. वहीं वारदात के बाद लाल पहाड़ी क्षेत्र से ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर, गैस कटर और अन्य औजार भी बरामद हुए थे. पुलिस इन तमाम साक्ष्यों और तकनीकी पहलुओं को जोड़कर चोरों की पहचान करने में जुटी है.
ये भी पढ़ेः 10 साल की शादी... ढाई महीने से अलग रह रहे थे मियां-बीवी, खंडवा में चाकूबाजी से पत्नी की मौत
गौरतलब है कि कटनी में इससे पहले मडापुरम गोल्ड लोन बैंक में भी करीब 15 से 16 करोड़ रुपये के सोने की डकैती हुई थी. पुलिस ने उस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार तो कर लिया था, लेकिन लूटा गया पूरा सोना बरामद नहीं हो सका था. अब किसना ज्वेलर्स में हुई करीब 15 करोड़ की चोरी ने एक बार फिर कटनी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. देखना होगा कि पुलिस इस बार कितनी जल्दी चोरों तक पहुंचती है और करोड़ों के जेवरात बरामद कर पाती है.
(रिपोर्टः नितिन चावड़े, कटनी)