App

न्यूजीलैंड में जीती टीम इंडिया: 'यह सीरीज बल्लेबाजों की नहीं, गेंदबाजों की थी...', क्या-क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 3-1 के अंतर से जीत ली है. उसने पांचवें वनडे मैच को 22 रनों से अपने नाम किया. इस जीत के बाद कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजों की जमकर तारीफ की और बल्लेबाजों का बचाव किया.

न्यूजीलैंड में जीती टीम इंडिया: 'यह सीरीज बल्लेबाजों की नहीं, गेंदबाजों की थी...', क्या-क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?
Image Credit: श्रेयस अय्यर. BCCI

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मिली जीत के बाद भारत के कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि यहां कि पिच से गेंदबाजों के लिए बहुत कुछ था, लेकिन बल्लेबाजी काफी मुश्किल थी. टीम इंडिया ने माउंट माउंगानुई में खेले गए आखिरी मुकाबले में 22 रनों से जीत हासिल की. रविवार (15 नवंबर) को न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और भारत ने 41.1 ओवर में 209 रन बनाए. इसके जवाब में कीवी टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर ही सिमट गई.

अय्यर ने वनडे सीरीज को गेंदबाजों का दबदबा बताया. उन्होंने मुश्किल हालात में ढलने और जरूरत पड़ने पर अच्छा खेलने की अपनी टीम की काबिलियत की तारीफ की. टीम इंडिया ने ऑकलैंड और वेलिंगटन में शुरुआती दो वनडे मैच जीत लिए थे. इसके बाद हैमिल्टन में तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था. माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड ने चौथे वनडे में वापसी की और भारत को 89 रन पर समेटकर 244 रनों से ऐतिहासिक जीत हासिल की. इसने श्रेयस अय्यर की टीम को दबाव में ला दिया, लेकिन उसने पांचवें मुकाबले में वापसी करते हुए सीरीज पर कब्जा कर लिया.

 

 

श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?

अय्यर ने मैच के बाद कहा, ''यह सीरीज गेंदबाजों की थी, बल्लेबाजों की नहीं. हर कोई मौके पर डटा रहा.'' उन्होंने पहली बार इस सीरीज के दौरान वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी संभाली. अब तक वह टी20 में कप्तानी करते आ रहे थे और उन्होंने 50 के फॉर्मेट को ज्यादा चुनौतीपूर्ण और थकाने वाला बताया. हालांकि, उन्होंने कहा कि यह एक रोमांचक अनुभव था. उन्हें लगा कि सीरीज में अलग-अलग चरण आए, जिसमें कुछ मौकों पर खेल धीमा हो गया और टीम की मुकाबले की रफ्तार समझने की काबिलियत का टेस्ट हुआ.

'एक जीत, एक हार, 50-50'

अय्यर ने कहा, ''मुझे वनडे की कप्तानी करने में मजा आया. चुनौतीपूर्ण और थकाने वाला... एक समय ऐसा आया कि खेल धीमा हो गया था. इसी तरह आप रफ्तार का अंदाजा लगाते हैं. रोमांचक. एक जीत, एक हार, 50-50.'' टीम इंडिया चौथे वनडे में 89 रनों पर सिमट गई थी और इसके बाद भारत के लिए यह मैच एक फाइनल की तरह हो गया था. अय्यर ने कहा कि टीम अपना बेस्ट देने के लिए तैयार थ और सिर्फ 209 रन बनाने के बाद इनिंग्स ब्रेक के दौरान ज्यादा चर्चा की जरूरत नहीं थी. उन्होंने कहा, ''हम अपना सबकुछ देना चाहते थे और कोई बड़ी चर्चा नहीं हुई. तेज गेंदबाजों ने जोड़ी बनाकर आक्रामण किया. उन्होंने दबाव बनाने और विकेट लेने की रणनीति बनाई. जब गेंदबाज जोड़ी बनाकर गेंदबाजी करते हैं तो एक तरफ से किफायती गेंदबाजी होती है और दूसरे छोर से विकेट मिलते हैं.''

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More