)
मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केन्द्रीय कारा में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के गीत गूंजने लगे और 36 घंटे के निर्जला उपवास वाले इस महापर्व में जेल में बंद 98 महिला और पुरुष बंदियों ने डूबते सूरज को अर्घ्य दिया. 51 महिला और 47 पुरुष ने जेल में बने तालाब में सूरज को अर्घ्य दिया, जिसमें जेल अधीक्षक युसूफ रिजवान के साथ ही जेल के महिला और पुरुष सिपाहियों ने छठ व्रतियों को छठ पूजा करने में मदद की. जेल रेडियो के माध्यम से पूरे जेल में छठ पूजा के गीत बजाए जा रहे थे.
सरकार के आदेश के अनुसार, मुजफ्फरपुर जेल प्रशासन ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छठ व्रत करने वाले व्रतियों के लिए बेहतर, भव्य और आकर्षक व्यवस्था की है, ताकि लोक आस्था के महापर्व छठ व्रत करने वाले व्रतियों को उनकी पूजा में किसी तरह का व्यवधान न हो. इस वर्ष जेल में कुल 98 सजायाफ्ता और विचाराधीन महिला और पुरुष बंदी छठ व्रत कर रहे हैं, जिसमें 51 महिला और 47 पुरुष शामिल हैं. इन छठ व्रतियों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख बंदी के साथ ही महाराष्ट्र के रहने वाले भी एक व्यक्ति ने छठ पूजा की है.
छठ करने वाली महिला बंदी ने बताया कि छठ महापर्व के प्रति लोगों की आस्था और निष्ठा देखकर और छठी मईया से जल्द रिहाई के लिए उन्होंने छठ पूजा की है.
वहीं पंजाब के रहने वाले सिख समुदाय से आने वाले व्यक्ति ने डूबते हुए सूरज को अर्घ्य दिया और कहा कि वह छठ पर्व को आस्था के साथ मनाते हुए पूजा कर रहे हैं और छठी मईया से उन्होंने कामना की है कि उनके साथ-साथ जो भी बंदी हैं, उनकी रिहाई हो. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन ने उन्हें छठ पूजा करने के लिए जो व्यवस्था दी है, वह आस्था और निष्ठा के प्रति समर्पण को दर्शाती है.
जेल प्रशासन द्वारा छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुरूप सभी प्रबंध किए गए हैं. महिला व्रतियों के लिए साड़ी, लहठी, चूड़ी इत्यादि और पुरुष व्रतियों के लिए धोती, गंजी, गमछा आदि के साथ-साथ पर्व के आयोजन के लिए सभी आवश्यक सामग्रियों में डाला, सूप, पकवान, फल, मिठाई इत्यादि की व्यवस्था कारा प्रशासन की ओर से की गई है.
जेल में बने तालाब की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ ही केले के पेड़, बैलून, रंगीन प्रकाश, झालर, फूल-माला इत्यादि से सजावट की गई है. जेल रेडियो के माध्यम से महान लोक गायिका स्व. शारदा सिन्हा द्वारा गाए गए गीत बजाए जा रहे हैं. जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से पांच तैराकों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार