App

ग्वालियर में बनेगा देश का पहला TMZ, 3,611 करोड़ का होगा निवेश, CM मोहन बोले- 11% पार MP की GDP ग्रोथ

ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम जोन का शुभारंभ हो चुका है. इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि इससे 15000 रोजगार सृजित होंगे. साथ ही उन्होंने दावा किया है कि MP की GDP ग्रोथ 11% पार पहुंच गई है.

ग्वालियर में बनेगा देश का पहला TMZ, 3,611 करोड़ का होगा निवेश, CM मोहन बोले- 11% पार MP की GDP ग्रोथ
Image Credit: ZEE NEWS

मध्यप्रदेश के लिए 19 नवंबर का दिन ऐतिहासिक रहा है. आज निवेश के तौर पर राज्य में नई शुरुआत हुई. दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल के निजी होटल में आयोजित 'मध्यप्रदेश टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, ग्वालियर इन्वेस्टर मीट' का शुभारंभ किया. इस मौके पर ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन (TMZ) के पहले फेज की शुरुआत और दूसरे फेज की लॉन्चिंग हुई. पहले फेज में राज्य सरकार को 3611 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इससे 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 25 निवेशकों को आवंटन पत्र सौंपे.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है. डबल इंजन के बल पर मध्यप्रदेश सरकार भी केवल अनाउंसमेंट नहीं करती, तेज गति से विकास को धरातल पर उतारती है. 13 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं. सरकार बनने के बाद से लेकर 432 दिन राज्य के औद्योगिक विकास के लिए चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन क स्थापना के बाद ग्वालियर अब केवल संगीत की नगरी नहीं है, बल्कि दूरसंचार और तकनीक की नगरी भी है. उन्होंने कहा कि टीएमजेड के पहले फेज में निवेश करने वाले 25 निवेशकों का स्वागत है.

सबसे तेजी से औद्योगिक विकास करने वाला राज्य

सीएम ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश सबसे तेजी से औद्योगिक विकास करने वाला राज्य है. मध्यप्रदेश ने फाइल वर्क से आगे निकलकर फील्ड वर्क पर ध्यान दिया और आज न्यूनतम समय में अधिकतम परिणाम मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि टीएमजेड की स्थापना के लिए जुलाई 2026 में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के साथ एमओयू किया था. लेकिन, केवल 4 से 5 महीने में टीएमजेड के पहले फेज के लिए आवंटन जारी कर दिया और इसके दूसरे फेज के लिए 450 एकड़ जमीन देकर इसका भी शुभारंभ कर दिया है.

गैर-जरूरी कानून सरकार ने किए खत्म

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक देश में इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग में 7 गुना और मोबाइल मैन्यूफैक्टरिंग में 35 गुना बढ़ोतरी हुई है. देश का इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्यात में 38 हजार करोड़ से 4 लाख 24 हजार करोड़ तक की वृद्धि हुई है. यह आंकड़े हमारे लिए उत्साहवर्धक हैं. 2जी से लेकर आज हम 5जी और 6जी इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए काम कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि संकल्प के साथ काम करने के लिए बेमतलब की रुकावटें खत्म होनी चाहिए, इसीलिए राज्य सरकार ने लगभग 27 गैर जरूरी अनुपालनों और व्यापार-व्यवसाय में बाधा बन रहे 925 कानूनों को खत्म किया है. आज मध्यप्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की व्यवस्था लागू है. राज्य सरकार के इन सभी प्रयासों से एमपी का अर्थ बदल गया है. एमपी का मतलब मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट, मेगा प्रोजेक्ट.

सीएम ने बताया कि मध्यप्रदेश की ग्रोथ रेट जीडीपी 11 प्रतिशत से अधिक और औद्योगिक विकास दर 24 प्रतिशत से ऊपर निकल गई है. मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जो बीते तीन साल में लगातार निवेशकों के विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य में पहले रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की गईं. इनसे अर्थव्यवस्था में बदलाव आया। हमारे लिए सभी क्षेत्रों का समान महत्व है.

जन-कल्याण के लिए सारे प्रयास कर रही सरकार

मुख्यमंत्री मोहन यादव का कहना है कि औद्योगिक विकास के लिए बिजली का आवश्यकता होगी. प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसी उद्देश्य से गांधीसागर के पास पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना के पहले टर्बाइन का शुभारंभ किया गया है. इस परियोजना से 2000 मेगावाट बिजली पैदा होगी, जो हमारी भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी.

सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के संकल्प की शक्ति के बलबूते पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना का कार्य रिकॉर्ड ढाई साल में पूर्ण हो रहा है. जबकि, इसके लिए दूसरे देशों में 10 से 12 साल का समय लगता है. यह प्रदेशवासियों के लिए ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सौगात है. मंदसौर में एग्रो एंड केमिकल पार्क, रतलाम में बायोफार्मा, धार में टेक्सटाइल पार्क, छिंदवाड़ा में इंडस्ट्रियल बेल्ट, ग्वालियर में टीएमजेड फेज 2 के लिए विशेष योजना बनाई है. प्रदेश के नागरिकों के लिए सरकार आगे बढ़कर काम करती है.

वहीं उन्होंने आगे कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए सदैव तैयार है. निवेशकों को सस्ती दरों पर उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि, बिजली और पानी दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिए छोटे-बड़े सभी निवेशक समान हैं. रोजगार परक उद्योग स्थापित करने पर वर्कर्स की सैलरी में 5000 रुपए मासिक सहायता प्रदान की जा रही है.

निवेशक हमारी विकास यात्रा में हमारे साझेदार

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 6 करोड़ बॉडबैंड उपभोक्ता थे. आज इनकी संख्या 16 गुना बढ़कर 102 करोड़ हो चुकी है. इंटरनेट कनेक्शन भी 25 करोड़ से बढ़ते हुए आज 110 करोड़ तक पहुंचे हैं. देश में 4जी कनेक्टिविटी 99 प्रतिशत गांवों और प्रत्येक जिले तक पहुंच गई है. भारत ने 5जी इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व प्रगति की है. देश में 50 करोड़ उपभोक्ता 5जी इस्तेमाल करते हैं. भारत 6जी इंटरनेट सुविधा के विकास में भी दुनिया का नेतृत्व करेगा. बदलते माहौल में भारत टेलीकॉम सर्विस के सबसे बड़े उपभोक्ता से सर्विस प्रोवाइडर के रूप में आगे बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में टीएमजेड में निवेशकों के आने का सिलसिला जारी है.

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आगे कहा कि ग्वालियर देश के मध्य में स्थित होने के कारण बेहतर कनेक्टिविटी रखता है. दिल्ली से ग्वालियर की दूरी भी कम हो जाएगी. ग्वालियर से आगरा तक एक्सप्रेसवे तैयार हो रहा है, जिससे हम 50 मिनट में ग्वालियर से आगरा पहुंच पाएंगे. ग्वालियर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है, जहां से टीएमजेड की दूरी मात्र 20 मिनट है. मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश करने वाले सभी उद्योगपति विकास यात्रा में हमारे साझेदार हैं. प्रदेश का ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सचिवालय दिसंबर से अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य करने लगेगा. ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए एक पोर्टल तैयार किया गया है. निवेशकों को किसी भी दफ्तर के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी.

450 एकड़ में होगा टीएमजेड का दूसरा फेज

इसके अलावा कार्यक्रम में मौजूद अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने कहा कि आज उद्योग विभाग के माध्यम से ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन (TMZ) के पहले फेज के निवेशकों को आवंटन जारी किए गए. साथ ही, आज हम टीएमजेड के दूसरे फेज की लॉन्चिंग भी कर रहे हैं. यह जोन 450 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा. उन्होंने 170 एकड़ में विकसित हो रहे भारत के पहले टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन की डिटेल प्रेजेंटेशन दिया.

उन्होंने बताया कि टीएमजेड में 51 फीसदी राज्य और 49 फीसदी केंद्र सरकार की भूमिका होगी. मंडलोई ने आगे कहा कि टीएमजेड के पहले फेज में 3611 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इससे 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे. अपर सचिव दूरसंचार विभाग, संचार मंत्रालय भारत सरकार श्यामल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के आधार पर दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम सेक्टर में शोध, नवाचार, डिजाइन को प्रोत्साहन दिया है. भारत सरकार ने ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के विकास के लिए पहले चरण में 493 करोड़ की सहायता प्रदान की. टीएमजेड प्लग एंड प्ले मॉडल के रूप में विकसित होगा. यहां रिसर्च एंड डेवलपमेंट की सभी सुविधाएं होंगी.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More