App

Exclusive: ज्ञानेश कुमार के साथ फोटो पर अजय सिंह की सफाई, बोले- मैं उन्हें पहचानता तक नहीं, इस्तीफे की मांग करता रहूंगा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ तस्वीर सामने आने पर कांग्रेस नेता अजय सिंह ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि तस्वीर उन्होंने खुद फेसबुक पर पोस्ट की थी. उन्हें नहीं पता था कि उनके साथ खड़े व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं.

Exclusive: ज्ञानेश कुमार के साथ फोटो पर अजय सिंह की सफाई, बोले- मैं उन्हें पहचानता तक नहीं, इस्तीफे की मांग करता रहूंगा
Image Credit: Social Media

भोपाल में एक शादी समारोह की तस्वीर ने मध्य प्रदेश की सियासत में नए विवाद को जन्म दे दिया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल की फोटो क्या वायरल हुई, कांग्रेस में ही सवाल उठने लगे. मामला इतना बढ़ा कि अब अजय सिंह सफाई देते फिर रहे हैं. उनका कहना है कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जानते तक नहीं और फोटो में उनके साथ कौन थे, इसकी भी उन्हें जानकारी नहीं थी. आखिर एक शादी की तस्वीर पर इतना सियासी बवाल क्यों मचा आइए समझते हैं....

यह है पूरा मामला

दरअसल, बीते दिनों 23 नवंबर को भोपाल में सीनियर पुलिस अधिकारी और EOW डीजी उपेंद्र जैन के बेटे की शादी थी. इसमें उपेंद्र जैन के करीबी रिश्तेदारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी शामिल हुए थे. शादी समारोह में भाजपा और कांग्रेस के सीनियर नेता भी पहुंचे थे. शादी समाहोर में कांग्रेस विधायक अजय सिंह भी पहुंचे थे. इस दौरान एक फोटो वायरल हो गई. इसमें कांग्रेस विधायक अजय सिंह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं. इस पर अजय सिंह ने सफाई दी है.

ज्ञानेश कुमार के साथ तस्वीर पर अजय सिंह ने दी सफाई

मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ अपनी तस्वीर को लेकर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि यह तस्वीर किसी ने वायरल नहीं की थी बल्कि उन्होंने खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट की थी. अजय सिंह के मुताबिक, उन्हें उस समय यह जानकारी नहीं थी कि तस्वीर में उनके साथ खड़े व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं. उन्होंने बताया कि वह एक शादी के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंचे थे. वहां कई लोग मौजूद थे और उसी दौरान यह तस्वीर खिंच गई.

शादी के रिसेप्शन में हुई थी मुलाकात

अजय सिंह ने बताया कि वह उपेंद्र जैन को जानते हैं. उनके मुताबिक उपेंद्र जैन सीधी जिले के शुरुआती पुलिस अधीक्षकों में से एक रहे हैं. उनके परिवार में एक लड़के की शादी का रिसेप्शन था. अजय सिंह इसी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. वहां मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे. कुछ अन्य लोग भी खड़े थे. अजय सिंह ने कहा कि किसी ने परिचय नहीं कराया और इसी दौरान तस्वीर खिंच गई. उन्हें नहीं मालूम था कि उनके साथ खड़े व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं.

'शादी का दिन था, इसमें गलत क्या है?'

तस्वीर को लेकर उठ रहे सवालों पर अजय सिंह ने कहा कि शादी का समारोह था और वहां तस्वीर खिंचवाने में कुछ गलत नहीं है. उन्होंने कहा, "अब वह ज्ञानेश कुमार थे या कोई और, मुझे इसकी जानकारी नहीं थी. शादी का दिन था. इसमें कोई गलत बात नहीं है." अजय सिंह ने यह भी साफ किया कि वह ज्ञानेश कुमार से कोई बातचीत नहीं करते हैं.

'हम तो चाहते हैं ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें'

अजय सिंह ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगा रही है और चाहती है कि वह अपने पद से इस्तीफा दें. अजय सिंह के शब्दों में, "हम तो चाहते हैं कि ज्ञानेश कुमार जाएं. हम लगातार नारे लगाते हैं कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें. इसके बाद ही उनसे कोई चर्चा होगी."

तस्वीर के बाद उठे सवालों पर अजय सिंह का जवाब

दरअसल, ज्ञानेश कुमार के साथ अजय सिंह की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक सवाल उठने लगे थे. कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त पर वोट चोरी के आरोप लगाकर उनके इस्तीफे की मांग कर रही है. ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता की उनके साथ तस्वीर चर्चा का विषय बन गई. अब अजय सिंह ने अपनी सफाई में कहा है कि उन्हें ज्ञानेश कुमार की पहचान नहीं थी और तस्वीर एक शादी के रिसेप्शन के दौरान खिंची थी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तस्वीर साझा करने का मतलब ज्ञानेश कुमार के साथ किसी तरह की राजनीतिक बातचीत या सहमति नहीं है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More