)
मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर शुरू हुई बयानबाजी अब सियासी टकराव में बदलती नजर आ रही है. मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ सीनियर अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम ने मंडला मेडिकल में देरी और मंडला के पिछड़े होने की बात कही तो बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अब पलटवार किया है.
दरअसल, डिंडोरी पहुंचे कुलस्ते से जब मीडिया ने मरकाम के बयान पर सवाल किया तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने अधिकारी को जमकर घेरा और उनकी कार्यशैली से लेकर राजनीतिक मंशा तक पर सवाल खड़े कर दिए. कुलस्ते ने कहा कि जब वे पिछली सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष सहायक थे, तब लक्ष्मण सिंह मरकाम को मंडला, डिंडोरी और सिवनी के विकास की चिंता क्यों नहीं हुई? उन्होंने इस बयानबाजी की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही. इतना ही नहीं, कुलस्ते ने दो टूक कहा कि सरकार को ऐसे नौकरशाहों की जरूरत नहीं है, जो राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास करें.
कुलस्ते ने इशारों में मरकाम की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर भी निशाना साधा. उन्होंने उनके बयानों को मंडला लोकसभा सीट से संभावित राजनीतिक दावेदारी से जोड़ने की कोशिश की. वहीं, इस पूरे विवाद में कुलस्ते ने प्रदेश सरकार को भी नहीं बख्शा और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए. एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ सीनियर अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम दो दिवसीय दौरे पर मंडला पहुंचे थे. प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाते हुए बिना नाम लिए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर निशाना साधा था.
अब कुलस्ते के तीखे पलटवार के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों से निकलकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है. वहीं, भाजपा सांसद और मुख्यमंत्री के एडिशनल एडिशनल सेक्रेटरी के बीच में भिंड़त को लेकर विपक्ष को मौका मिल गया. कांग्रेस ने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपस में भिड़ रहे हैं. साथ ही, सांसद फगन सिंह के पार्लियामेंट को लेकर दिए बयान के बाद विपक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के संसद में चर्चा न होने के दावे पर भाजपा सांसद ने मुहर लगाई है.
सीएम के एडिशनल सेक्रेटरी लक्ष्मण सिंह मरकाम ने कहा कि मैंने मंडल के विकास की बात कही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर आदिवासियों के विकास के लिए काम कर रहा हूं. संसद में काम होते हैं. इस तरीके के बयानबाजी सांसद को नहीं बोलनी चाहिए.