)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 नवंबर को सीहोर जिले में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेस-1 और फेज-2 का लोकार्पण किया. इसके अलावा उन्होंने बुधनी विधानसभा को भी 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी. इन विकास कार्यों में 5 सड़कें, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल हैं. इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन, बगवाड़ा में सीसी रोड का भी भूमि-पूजन किया गया.
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुधनी विधानसभा की जनता को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला है. सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के लोकार्पण से अब नर्मदा मैया के जल से खेतों में सिंचाई होगी. सूखे खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिल जाए तो फसल सोने जैसी हो जाती है. राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं का निरंतर विकास करते हुए किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद वर्ष 2002-03 तक 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही. लेकिन सिंचाई का रकबा केवल साढे 7 लाख हेक्टेयर था. उन्होंने इसके बाद उमा भारती, स्व. बाबूलाल गौर, शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विकास किया. हमारी सरकार बनने तक वर्ष 2023 तक सिंचाई का रकबा बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया. भगवान बलराम के आशीर्वाद से पिछले ढाई साल में ही मध्यप्रदेश में सिंचित क्षेत्र 20 लाख हेक्टेयर बढ़ा है और यह 60 लाख हेक्टेयर के अधिक हो चुका है.
उन्होंने यह किसानों की समृद्धि और उनका जीवन बदलने का हमारा संकल्प है. आज बुधनी विधानसभा में सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के दोनों चरणों का लोकार्पण हुआ है. उन्होंने कहा कि लगभग 536.23 करोड़ रुपये की परियोजना से 30,091 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी. यह सिंचाई परियोजना बुधनी-भैरूंदा के 76 गांवों के किसानों के लिए बड़ी सौगात है.
राज्य को सभी क्षेत्रों में बढ़ाएंगे आगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पृथ्वी पर जल से ही समस्त जीवों की उत्पत्ति हुई. इसीलिए सिंहस्थ कुंभ में एक डुबकी का विशेष महत्व है. सनातन संस्कृति की धारा आधुनिक विज्ञान से भी जुड़ती है. राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में सिंचाई सुविधाओं का निरंतर विकास करते हुए किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 70 हजार रुपए हो गई है.
बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सांदीपनि विद्यालय, गांवों तक पक्की सड़क और युवाओं को रोजगार देने के लिए औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है. युवाओं को शासकीय सेवा में भी अवसर दिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष में पीएससी परीक्षा 2 बार कराई जाएगी. अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है. सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए राज्य में सभी संसाधन उपलब्ध हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है. मध्यप्रदेश भी इस विकास यात्रा में सहभागी है. वर्तमान समय में भारतीय सेना और सुरक्षा बल अधिक सशक्त हुए हैं. हमारे सैनिक अब दुश्मन को उसी के घर में घुसकर मारते हैं.
विकास से अछूता नहीं रहेगा कोई वर्ग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से बहनों को लोकसभा और विधानसभाओं में उनका अधिकार दिलवाने का संकल्प लिया है. मध्यप्रदेश में पहले ही पंचायत और नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण बहनों को मिला हुआ है. माताओं-बहनों के लिए लाड़ली बहना से लेकर लाड़ली लक्ष्मी तक अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं. मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों को हर माह 1500 रुपए की राशि दी जा रही है.
योजना की शुरुआत से लेकर अब तक 60 हजार करोड़ रुपए लाड़ली बहनों को दिए गए हैं. हमारी सरकार किसान, युवा और व्यापार सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सलकनपुर में माता विजयासन का भव्य लोक बन रहा है. भविष्य में यहां रेस्ट हाउस की सुविधा भी मिलेगी. उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक, चित्रकूट और ओरछा में भगवान श्रीराम भव्य धाम तैयार हो रहा है. सच्चा वादा और पक्का काम, हमारी सरकार का मूलमंत्र है. भगवान श्रीकृष्ण के लीला स्थलों को भव्य तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है. भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का प्रसंग हमें गरीब कल्याण और सर्वजन हिताय के लिए प्रेरित करता है.
दूध का उत्पादन बढ़ाने पर फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय केवल खेती से नहीं बढ़ती है. इसके साथ किसानी पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है. इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पशुपालन, डेयरी व्यवसाय, बकरीपालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहित कर रही है. दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने पिछले साल नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ एमओयू किया.
जिसके बाद सांची डेयरी से जुड़े किसानों को 5 से 8 रुपए तक दूध का अधिक दाम मिलने लगा है. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, दूध उत्पादन में अभी तीसरे स्थान पर है, राज्य सरकार ने इसे नंबर-1 राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है. प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय एक हजार रुपये महीना सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है. गोमाता की बेहतरी और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए नगर निगमों में 10 हजार क्षमता की बड़ी गोशालाएं खोली जा रही हैं.
मान्यता प्राप्त गोशालाओं के लिए अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपए प्रति गोमाता किया है. उन्होंने कहा कि खेती के साथ गोमाता की सुरक्षा करना भी जरूरी है. शाजापुर में बोमा पद्धति से नील गायों को विस्थापित कर जंगल में छोड़ा जा रहा है. इससे खेती नुकसान से बच रही है और हिरण और अन्य जीवों का जीवन भी सुरक्षित हो रहा है.
किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि बुधनी-सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को सिंचाई परियोजना का लाभ मिलेगा. यह योजना किसानों की तकदीर बदलने का कार्य करेगी. पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री, सीहोर जिले की प्रभारी कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश को स्वर्णिम राज्य बना रहे हैं और इस विकास यात्रा में सीहोर जिला महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
वहीं, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डबल इंजन सरकार में प्रदेश के समग्र विकास के लिए किसान कल्याण, युवा कल्याण, नारी कल्याण और गरीब कल्याण का संकल्प लिया है. सीहोर जिले के भैरूंदा में सीप-अंबर सिंचाई परियोजना से 8 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लगभग 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सिंचाई परियोजना से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों में 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान की है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर करने का संकल्प लिया है.