)
सैमसंग ने इस साल की शुरुआत में भारत में अपने मिड-रेंज स्मार्टफोन गैलेक्सी A57 और गैलेक्सी A37 को पेश किया था. एक जैसे डिजाइन और करीब-करीब समान खूबियों के साथ आए इन दोनों फोन को ग्राहकों ने काफी पसंद किया. अब खबर है कि साउथ कोरियन कंपनी इनके अगले अपग्रेडेड मॉडल लाने की तैयारी में जुट गई है.
इंटरनेट पर सैमसंग गैलेक्सी A58 और गैलेक्सी A38 से जुड़ी जानकारियां सामने आने लगी हैं. हाल ही में इन दोनों आगामी स्मार्टफोन को एक बेंचमार्किंग वेबसाइट पर देखा गया है, जिससे इनके प्रोसेसर, रैम, ऑपरेटिंग सिस्टम और परफॉर्मेंस का खुलासा हुआ है.
बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म गीकबेंच पर सैमसंग के दो नए डिवाइस मॉडल नंबर SM-A586B और SM-A386B के साथ लिस्ट हुए हैं. इससे पहले भी ये मॉडल नंबर अलग-अलग सर्टिफिकेशन साइट्स पर नजर आ चुके हैं, जिन्हें गैलेक्सी A58 और गैलेक्सी A38 से जोड़कर देखा जा रहा है.
ताजा लिस्टिंग से ये साफ हो गया है कि दोनों स्मार्टफोन चुनिंदा ग्लोबल मार्केट में लेटेस्ट एंड्रॉयड 17 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ लॉन्च होंगे. लेकिन कंपनी की तरफ से अभी इन फोन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
गीकबेंच डेटा के मुताबिक सैमसंग गैलेक्सी A58 में सैमसंग S5E8865 प्रोसेसर दिया गया है, जो कंपनी का Exynos 1680 चिपसेट हो सकता है. खास बात ये है कि पिछले मॉडल गैलेक्सी A57 में भी यही प्रोसेसर देखने को मिला था.
इसमें नौ सीपीयू कोर दिए गए हैं, जिनमें 1.95GHz की स्पीड वाले चार एफिशिएंसी कोर, 2.7GHz वाले चार परफॉर्मेंस कोर और 3.0GHz की पीक क्लॉक स्पीड वाला एक प्राइम कोर शामिल है.
ग्राफिक्स के लिए इसमें सैमसंग Xclipse 550 जीपीयू दिया गया है. टेस्ट किए गए डिवाइस में 7.08GB रैम दिखी है, जिसे बाजार में 8GB रैम वेरिएंट के तौर पर उतारा जा सकता है.
दूसरी तरफ सैमसंग गैलेक्सी A38 को गीकबेंच पर मीडियाटेक MT6881 प्रोसेसर के साथ देखा गया है, जिसे ऑक्टा-कोर मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7500 चिपसेट माना जा रहा है. इसमें ग्राफिक्स को संभालने के लिए ARM Mali-G625 MC2 जीपीयू जोड़ा गया है.
प्रोसेसर की बनावट की बात करें तो इसमें 2.0GHz पर काम करने वाले चार एफिशिएंसी कोर और 2.6GHz तक की अधिकतम स्पीड देने वाले चार परफॉर्मेंस कोर मौजूद हैं. ये फोन लिस्टिंग में 5.07GB रैम के साथ नजर आया है, जिसका मतलब है कि कंपनी इसे 6GB रैम विकल्प के साथ पेश कर सकती है.
बेंचमार्किंग टेस्ट में दोनों स्मार्टफोन ने अपने-अपने सेगमेंट के हिसाब से ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है. सैमसंग गैलेक्सी A58 ने सिंगल-कोर टेस्ट में 1,183 पॉइंट्स और मल्टी-कोर टेस्ट में 3,759 पॉइंट्स हासिल किए हैं.
वहीं दूसरी ओर गैलेक्सी A38 का सिंगल-कोर स्कोर 996 पॉइंट्स रहा, जबकि मल्टी-कोर टेस्ट में इसने 2417 पॉइंट्स दर्ज किए. इन आंकड़ों से देखकर मिलता है कि रोज के कामकाज और मल्टीटास्किंग के दौरान दोनों डिवाइस बेहतर स्पीड देने में सक्षम होंगे. हालांकि A58 अपने मजबूत चिपसेट की वजह से थोड़ा आगे नजर आता है.
रिपोर्ट्स में इन दोनों आगामी मिड-रेंज फोन के कैमरा और बैटरी डिटेल्स को लेकर भी जरूरी जानकारियां सामने आई हैं. बताया जा रहा है कि सैमसंग गैलेक्सी A58 और गैलेक्सी A38 दोनों के पिछले हिस्से में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा, जिसका मेन सेंसर 50 मेगापिक्सल का होगा.
इसके अलावा गैलेक्सी A38 में पावर बैकअप के लिए 6000mAh की बड़ी बैटरी दिए जाने की चर्चा है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के शौकीनों के लिए इस फोन के फ्रंट में 12 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर मिल सकता है.