)
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को राजदेवड़ी के मंच से बेतिया के डीएम तरनजोत सिंह को जीएमसीएच का निरीक्षण कर वहां की कमियों की जांच करने का निर्देश दिया था. उन्होंने स्पष्ट कहा था कि अगर जांच में खामियां पाई जाती हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने मंच से ही सिविल सर्जन (CS) को निलंबित करने की चेतावनी भी दी थी. अब मुख्यमंत्री के इस आदेश का असर देखने को मिला है और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है.
जिला के प्रभारी मंत्री लखेंद्र रौशन बेतिया सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने शुक्रवार को सुबह बेतिया जीएमसीएच का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कई कमियां उजागर हुई है. अस्पताल के 114 डॉक्टरों में से 50 प्रतिशत डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए है. ब्लड जांच, ऐक्स रे, सीबीसी जांच में लापरवाही पाई गई है. मंत्री ने जीएमसीएच के अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है.
मंत्री लखेंद्र रौशन ने बताया कि कल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से जीएमसीएच के निरीक्षण करने के लिए डीएम को आदेश दिया था. आज हम सुबह-सुबह सांसद और डीएम के साथ अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच गए है. 114 डॉक्टरों में से 50 प्रतिशत डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए है. एक महीने से और कितने अनुपस्थित है, इसका जांच बेतिया डीएम तरनजोत सिंह करेंगे. सभी को नोटिस भेजा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी. मंत्री ने कहा कि बेतिया डीएम को निर्देश दिए है. सात दिन में एक बार जीएमसीएच का निरीक्षण करे और कमियों को दूर करें.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कल मंच पर दिखा बदला हुआ अंदाज और सख्त तेवर आज बेतिया में एक्शन के रूप में नजर आया. उनका स्पष्ट संदेश है कि बिहार में अब लापरवाह अधिकारियों की मनमानी नहीं चलेगी. जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से बच रहे हैं या नियमों को ताक पर रखकर ड्यूटी कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बेतिया में हुई कार्रवाई इसी सख्ती की एक बानगी मानी जा रही है.
(बेतिया से धनंजय द्विवेदी की रिपोर्ट)