)
बिहार में जमीन सर्वे के अंतिम प्रकाशन को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने राज्य के सभी रैयतों से अपने जमीन के दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है. मंत्री ने बताया कि परिपत्र-25 का अंतिम प्रकाशन हो चुका है और इसे सार्वजनिक कर दिया गया है. जिन जिलों और मौजों में सर्वे का अंतिम प्रकाशन पूरा हो गया है, वहां के रैयत तुरंत अपने दस्तावेजों का मिलान कर लें. खास तौर पर खाता, खेसरा और मालिकाना हक में दर्ज नाम की सावधानीपूर्वक जांच करना बेहद जरूरी है.
डॉ. दिलीप जायसवाल ने जानकारी दी कि अगले दो दिनों के भीतर सभी जिलों के एडीएम को अपीलीय प्राधिकारी नामित किया जाएगा. वहीं, किसी रैयत को अंतिम प्रकाशन में किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी नजर आती है, तो वह तीन महीने के अंदर एडीएम के कोर्ट में अपनी अपील दाखिल कर सुधार करा सकता है.
वहीं, मंत्री दिलीप जायसवाल ने इस प्रक्रिया के महत्व पर जोर देते हुए यह भी कहा कि यह जमीन सर्वे भविष्य में आने वाले 50 से 100 वर्षों तक लोगों के जमीन के अधिकार का मुख्य आधार बनेगा. ऐसे में किसी भी संभावित परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपने कागजातों की जांच कर लेना हर रैयत के हित में है.
इतना ही नहीं, बता दें कि बिहार में भूमि सर्वे को लेकर सरकार भी सख्त रूख अपनाया है. सरकार ने अधिकारियों की जवाबदेही तय की है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि भूमि सर्वेक्षण का काम समय पर पूरा हो सके. अब हर महीने विशेष भूमि सर्वेक्षण की समीक्षा की जाएगी. राज्य मुख्यालय स्तर पर रोजाना मॉनिटरिंग की जाएगी, प्रोग्रेस रिपोर्ट भी देनी होगी. जो जिले पीछे रहेंगे, वहां के अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी लिया जाएगा.
डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने समीक्षा बैठक के दौरान इस संबंध में निर्देश भी जारी किए हैं. उनके अनुसार, इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कौन-से जिले अपने लक्ष्यों के अनुरूप काम कर रहे हैं और कहां प्रगति में तेजी लाने की आवश्यकता है.