App

न्यूजीलैंड में बहुमत से एक सीट दूर रह गई लक्सॉन सरकार, सात सीटों वाली ये पार्टी बनी 'किंगमेकर', क्या फिर होंगे देश में चुनाव?

न्यूजीलैंड में इस महीने के शुरू में हुए संसदीय चुनाव के नतीजे मौजूदा पीएम क्रिस्टोफर लक्सॉन की उम्मीदों के अनुरूप नहीं आए हैं. वे सरकार बनाने के लिए जरूरी एक सीट से पीछे रह गए हैं.

न्यूजीलैंड में बहुमत से एक सीट दूर रह गई लक्सॉन सरकार, सात सीटों वाली ये पार्टी बनी 'किंगमेकर', क्या फिर होंगे देश में चुनाव?
Image Credit: न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सॉन (मध्य में बोलते हुए)

न्यूजीलैंड में इस महीने की शुरुआत में हुए चुनाव के अंतिम नतीजे शुक्रवार को सामने आ गए. इसके साथ ही देश में नया राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है. इन इलेक्शन में सत्तारूढ़ प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सॉन की राइट-विंग गठबंधन वाली सरकार संसद में अपना बहुमत खो चुकी है. अब वहां पर सत्ता की चाबी एक नई उभरती हुई सेंट्रिस्ट पार्टी के हाथ में आ गई है, जो अब 'किंगमेकर' की भूमिका में है.

बहुमत से एक सीट दूर रह गया गठबंधन

बताते चलें कि न्यूजीलैंड में इस महीने की 7 तारीख को संसदीय चुनाव हुए थे. उस वक्त पीएम लक्सॉन ने दावा किया था कि जनता ने उन्हें सरकार बनाने का जनादेश दिया है. हालांकि, उनकी यह उम्मीद पूरी नहीं हो पाई. उस वक्त के शुरुआती नतीजों में मौजूदा पीएम क्रिस्टोफर लक्सॉन की नेशनल पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन किसी तरह अपनी सत्ता बचाने में कामयाब दिख रहा था.

इसके बावजूद, मुकाबला इतना कड़ा था कि अंतिम नतीजे आते-आते उनकी पार्टी दो सीटें गंवा बैठी. इस नुकसान की वजह से लक्सॉन का गठबंधन, जिसमें पॉपुलिस्ट 'एनजेड फर्स्ट' और लिबर्टेरियन 'एसीटी' शामिल हैं, बहुमत से महज एक सीट पीछे रह गया है.

सरकार बनाने के लिए अब वोंग के सहारे

चुनाव के बाद से कार्यवाहक सरकार चला रहे लक्सॉन को अब सत्ता में टिके रहने के लिए क्यूएले वोंग की अगुआई वाली नई सेंट्रिस्ट पार्टी 'अपॉर्चुनिटी' का समर्थन लेना पड़ेगा. अगर दोनों पक्षों में समझौता नहीं हुआ तो न्यूजीलैंड को दोबारा चुनाव का सामना करना पड़ सकता है.

क्यूएले वोंग की पार्टी के लिए ये चुनावी नतीजे जबरदस्त रहे हैं. वह ऐसी बड़ी पार्टी बनने जा रही है, जिसका कोई नेता आज तक कैबिनेट मंत्री नहीं बन पाया है. इसके बावजूद, वह इस सीधे सरकार बनाने की दहलीज तक पहुंच गई है. क्यूएले वोंग ने इन चुनावों में क्लाइमेट चेंज, राजनीति को साफ-सुथरा बनाने और 'जेंटल पॉलिटिक्स' का वादा किया है.

इन मुद्दों पर कोई समझौता नहीं- वोंग

उन्होंने साफ किया है कि वह सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी के साथ काम करने को तैयार हैं, लेकिन क्लाइमेट, महंगाई और राजनीतिक सुधारों पर उनकी शर्तें पूरी तरह गैर-समझौतावादी हैं. वोंग ने अपनी जीत को दुनिया भर में बढ़ते पॉपुलिज्म के खिलाफ एक बड़ा बदलाव करार दिया है. उनका कहना है कि जनता अब दिखावे की राजनीति से ऊब चुकी है और व्यावहारिक नतीजे चाहती है.

चुनावी नतीजों के बाद अचानक बढ़े कद की वजह से मौजूदा पीएम लक्सॉन और विपक्षी लेबर पार्टी के नेता क्रिस हिपकिंस, दोनों ही वोंग के साथ लंबी मुलाकातें कर चुके हैं. लेकिन, अभी तक सरकार बनाने के मुद्दे पर कोई बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई है.

माना जा रहा है कि इस काम में वहां पर कई हफ्ते या महीनों का वक्त भी लग सकता है. वर्ष 2023 के चुनाव के बाद भी लक्सॉन को एनजेड फर्स्ट और एसीटी दलों के साथ गठबंधन बनाने में छह हफ्ते से ज्यादा का समय लगा था.

न्यूजीलैंड में पार्टी-वार रिजल्ट क्या रहा?

न्यूजीलैंड की संसद में कुल 130 सीटें हैं. वहां पर संसद का कार्यकाल 3 साल होता है. किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए कुल 66 सीटों की जरूरत होती है. इस बार के संसदीय चुनावों में नेशनल पार्टी को 40, लेबर पार्टी को 36, ग्रीन पार्टी को 17, एसीटी न्यूजीलैंड को 13 और एनजेड फर्स्ट को 12 सीटें मिली हैं. जबकि, अपॉर्चुनिटी पार्टी 7 सीटें और ते पाती माओरी 5 सीटें जीतने में कामयाब रही हैं.

इन चुनाव में पीएम लक्सॉन के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को कुल 65 सीटें मिली हैं, जिससे वे बहुमत से 1 सीट दूर रह गए हैं. यही वजह है कि अब उन्हें अपनी सरकार बनाने के लिए वोंग के साथ बातचीत आगे बढ़ानी पड़ रही है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More