)
छठ महापर्व के दौरान उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ और ट्रेनों में उमड़ती लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या से राहत दिलाने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. त्योहार के इस सीजन में यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक सफर की सौगात देते हुए भोपाल मंडल से कुल 17 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है. ये स्पेशल ट्रेनें मध्य प्रदेश के इटारसी, भोपाल, बीना, गुना, विदिशा, नर्मदापुरम और रानी कमलापति जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिससे एमपी से बिहार और यूपी की ओर जाने वाले हजारों यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने के साथ ही घर जाना आसान होग.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर ट्रेनें मुख्य मार्गों जैसे इटारसी, भोपाल और बीना के रास्ते संचालित की जाएंगी, जिसमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT)-दानापुर, LTT-गोरखपुर, पुणे-दानापुर, उधना-बरौनी के साथ-साथ रानी कमलापति से दानापुर और रीवा के लिए चलाई जाने वाली विशेष गाड़ियां भी शामिल हैं. इस विशेष संचालन से पर्व के समय घर वापसी करने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT)-दानापुर स्पेशल ट्रेन (01023/01026) खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना से होकर गुजरेगी. लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT)-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन (01027/01028) खंडवा, इटारसी, भोपाल, और बीना से होकर गुजरेगी. पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन (01469) खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना से होकर गुजरेगी. सूरत के उधना से चलकर बरौनी पहुंचने वाली स्पेशल ट्रेन (09039/09040) भी खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना होकर गुजरेगी. बलिया दादर स्पेशल ट्रेन (01025/01026) हरदा, इटारसी, रानी कमलापति (भोपाल) और बीना से होकर गुजरेगी. इसके अलावा भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से भी दानापुर और रीवा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है.
रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेनों का सही समय, डेट और ठहराव की जानकारी जरूर चेक कर लें. यात्री रेलवे की ऑफिशियल वेबसाइट, एनटीईएस ऐप या स्टेशन की पूछताछ खिड़की से जानकारी ले सकते हैं. इसके अलावा यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले टिकट बुक कर लें, ताकि आखिरी समय में परेशानी न हो. यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और टिकट बुकिंग विंडो से इन ट्रेनों में टिकट बुक कर सकते हैं.