)
राजधानी भोपाल में लेडी डॉक्टर पर फायरिंग के मामले में पुलिस लव एंगल से जांच कर रही है. दरअसल, 6 अक्टूबर की देर रात गांधी नगर इलाके में महिला डॉक्टर से मिलने पहुंचे डॉक्टर युवक ने विवाद के बाद एयरगन से फायर कर दिया था. फायरिंग में महिला डॉक्टर और उसके कजिन भाई को छर्रे लगे हैं. घटना के बाद आरोपी डॉक्टर ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी डॉक्टर नवीन की हालत नाजुक बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि आरोपी और दोनों घायल निजी मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
मुलाकात से इनकार पर भड़का विवाद
जानकारी के मुताबिक, 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे महिला डॉक्टर अपने भाई के साथ खाना खाकर घर लौटी थी, इसी दौरान राजगढ़ निवासी डॉक्टर नवीन उसके घर पहुंचा. जब महिला डॉक्टर ने उससे मिलने से साफ इनकार कर दिया, तो उनके बीच तीखी बहस हुई. गुस्से में आकर आरोपी नवीन ने अपनी एयर गन से गोली चलाई, जिससे छर्रे लगने से महिला डॉक्टर और उसका कजिन भाई घायल हो गए. इस घटना के बाद आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. गनीमत रही कि आस-पास के लोगों ने समय रहते उसे फंदे से नीचे उतार लिया.
तीनों का इलाज जारी
फायरिंग में महिला डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गई है. उनके भाई को भी गोली लगी. दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं आरोपी का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. गांधीनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने के अलावा, पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल हुई गन की जांच और घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है.
फायरिंग केस में लव एंगल
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बीच पहले करीबी रिश्ते होने की बात सामने आई है. हालांकि, गोली मारने के असली मकसद की अभी भी जांच चल रही है. आरोपी डॉक्टर राजगढ़ का रहने वाला है, जबकि महिला डॉक्टर के बारे में बताया जा रहा है कि वह सूरत, गुजरात की रहने वाली है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया है. गांधीनगर पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से इस मामले की जांच कर रही है.