App

बोकारो में दर्दनाक हादसा: फुटबॉल मैच के दौरान खिलाड़ी की मौत, लाइव वीडियो सामने आया

बोकारो में फुटबॉल मैच के दौरान मैदान पर खिलाड़ी कजरा मुर्मू गिर पड़े. इसके बाद उनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

बोकारो में दर्दनाक हादसा: फुटबॉल मैच के दौरान खिलाड़ी की मौत, लाइव वीडियो सामने आया
Image Credit: बोकारो में फुटबॉल मैच के दौरान खिलाड़ी कजरा मुर्मू की मौत (Photo- वीडियो ग्रैब)

बोकारो में एक फुटबॉल खेल के दौरान खिलाड़ी की मौत का लाइव वीडियो सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि मैच के दौरान गोलकीपर बॉल को अपने साथियों की तरफ किक मारता है. गेंद एक खिलाड़ी के पास आती है और वह उसे लेकर आगे बढ़ता है. इसी दौरान विरोधी टीम का एक खिलाड़ी उससे बॉल छीनने का प्रयास करता है. गेंद को सामान्य रूप से पैरों के बीच दूसरे खिलाड़ी को पास कर दिया जाता है, लेकिन इसी बीच बॉल लेकर जा रहा खिलाड़ी मैदान में गिर पड़ता है.

जब वह काफी देर तक नहीं उठता, तो आयोजकों के साथ अन्य खिलाड़ी भी उसे उठाने पहुंचते हैं. खिलाड़ी के न उठने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया जाता है, जहां डॉक्टरों की ओर से उसे मृत घोषित कर दिया जाता है.

पूरी घटना बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती मैदान की है, जहां बजरंग क्लब की ओर से तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया था. मैच के दौरान गोमिया के खंभरा बस्ती निवासी 37 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी कजरा मुर्मू की मौत हो गई. खेल के दौरान एक दूसरे खिलाड़ी से मामूली रूप से टकराने के बाद कजरा बेहोश होकर मैदान में गिर गए थे. आयोजनकर्ता आनन-फानन में बेहोशी की हालत में उन्हें DVC अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों के साथ भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी अस्पताल पहुंच गए. साथ ही मृतक खिलाड़ी के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. मृतक खिलाड़ी का एक पुत्र और एक पुत्री है.

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. वहीं, यह सवाल उठ रहा है कि मामूली रूप से गिरने के बाद खिलाड़ी की मौत कैसे हो गई, जबकि खेल के मैदान में खिलाड़ी अक्सर गिरते रहते हैं. इस घटना से लोग हैरान हैं. डॉक्टरों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा. डॉक्टर ने आगे बताया कि एक खिलाड़ी को अस्पताल लाया गया था, जिसे जांच के बाद मृत पाया गया.

रिपोर्ट: मृत्युंजय मिश्रा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More