झारखंड में अब बारिश का सिलसिला थम चुका है. कई जिलों में सुबह-शाम-रात के समय ठंड का एहसास होने लगा है. रात में सोते समय शरीर पर एक पतले कंबल की जरूरत पड़ने लगी है. मौसम विभाग की माने, तो राज्य में आज (24 अक्तूबर, 2026) और आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में 3 से 4 दिनों तक किसी भी हिस्से में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. इस दौरान आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी.
झारखंड में तापमान की बात करें तो कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अंतर साफ दिख रहा है. सुबह और देर रात के समय हल्की सिहरन और ठंड का अहसास होने लगा है. यह कहा जा सकता है कि राज्य में अब धीरे-धीरे सर्दियों के मौसम की आहट शुरू हो चुकी है. लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, गुमला और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. इन जिलों में रात के तापमान की बात करें, तो पारा गिरकर लगभग 14 डिग्री सेल्सियस से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है. इनमें लातेहार जिला सबसे ठंडा बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
वहीं, पूरे राज्य में दिन के समय अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. देवघर, धनबाद, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
वहीं, दक्षिणी झारखंड के जिलों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे दोपहर के समय हल्की गर्मी का अहसास बना रहता है. राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग की माने, तो आने वाले दिनों में शुष्क मौसम के इस पैटर्न में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है.