App

गिरिडीह: SI के बेटे की पीट-पीटकर हत्या से हड़कंप, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

Giridih News: गिरिडीह के बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट के पास 24 वर्षीय ऋतिक यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक के पिता झारखंड पुलिस में अवर निरीक्षक (SI) के पद पर पदस्थापित हैं.

गिरिडीह: SI के बेटे की पीट-पीटकर हत्या से हड़कंप, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
Image Credit: गिरिडीह में SI के बेटे की पीट-पीटकर हत्या से हड़कंप (ZEE MEDIA)

Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले के बंदरकुप्पी स्थित प्रसिद्ध मैगी पॉइंट के पास एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर (बभनटोली) निवासी ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव (24 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद मुफस्सिल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. मृतक के पिता झारखंड पुलिस में अवर निरीक्षक (SI) के पद पर पदस्थापित हैं.

साथियों के साथ बंदरकुप्पी पहुंचा था ऋतिक
मृतक के साथी शुभम दास ने सदर अस्पताल में बताया कि रात करीब 10:30 बजे उसका दोस्त राजा गुप्ता और ऋतिक यादव कार से गिरिडीह-डुमरी पथ पर स्थित बंदरकुप्पी गए थे. यहां मैगी पॉइंट है, जहां रातभर मैगी, कॉफी और चाय मिलती है. इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया. पहले आरोपियों ने मुक्कों से मारपीट की. इसके बाद बांस की फराठी (बांस के टुकड़े) से ऋतिक की जमकर पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना में दो अन्य युवकों को भी चोट लगी है.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन मौके पर पहुंचे. उन्होंने पहले घायलों को अस्पताल भिजवाया और इसके बाद आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू की. बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं, सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि ऋतिक यादव की हत्या की गई है और पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है.

झामुमो नगर अध्यक्ष भी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो के नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे. ऋतिक के पिता झारखंड पुलिस में अवर निरीक्षक हैं और वर्तमान में हजारीबाग जेल में पदस्थापित हैं. मृतक ऋतिक यादव का संबंध छात्र मोर्चा से भी बताया जा रहा है. सदर अस्पताल के चिकित्सक ने ऋतिक को मृत घोषित कर दिया.

रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More