)
गोड्डा में मिशनरी स्कूल के फादर पर एक महिला कर्मचारी ने दुष्कर्म और गर्भपात कराने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. पीड़िता ने आरोपी फादर जोसफ सोरेन पर इलाज के नाम पर किए गए कथित 60 हजार रुपये खर्च होने की बात कहकर वसूली की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. मामला सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के तिलाबाद का है.
घटना के बाद से आरोपी फादर जोसफ सोरेन फरार हो गया है. वह संत अलफोंसा विद्यालय का प्रिंसिपल भी है. सुंदरपहाड़ी थाने में इसे लेकर कांड संख्या 33/26 दर्ज की गई है.
पीड़िता की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, उसे गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित तिलाबाद मिशन में रसोइया का काम दिलाने के बहाने बुलाया गया था. मगर, बाद में उसी मिशन के फादर ने डरा-धमकाकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया. गर्भ ठहरने पर गर्भपात की दवा दी और अत्यधिक रक्तस्राव होने पर गोड्डा के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया गया.
गर्भाशय की सफाई कराई गई. इस दौरान उसका रक्तस्राव और बढ़ गया और हालत गंभीर हो गई. बाद में गोड्डा के एक निजी अस्पताल में उसे एक यूनिट खून भी चढ़ाना पड़ा.
पीड़िता का कहना है कि इलाज के दौरान करीब 60 हजार रुपये खर्च होने की बात बताई गई. आरोप है कि इसके बाद फादर ने कहा कि उन्होंने इलाज में काफी पैसा खर्च किया है और इसकी वसूली महिला से ही करेंगे.
महिला का आरोप है कि गर्भाशय की सफाई कराने से इनकार करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती थी. इस बाबत गोड्डा के एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने प्राथमिकी दर्ज होने और जांच की बात कही है.
बता दें कि 1 नवंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला के साथ बलात्कार की घटना सामने आई थी. बताया जा रहा है कि एक महिला पति की प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं. रात हो जाने के वजह से महिला थाना परिसर में रुक गई. उसे उम्मीद थी कि पुलिस की मौजूदगी में वह सुरक्षित रहेगी, लेकिन आरोप है कि जिस पुलिसकर्मी पर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
रिपोर्ट: संतोष कुमार भगत