)
झारखंड करे सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला के साथ बलात्कार की घटना पर भाजपा ने झारखंड सरकार पर हमला बोला है. झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री और कोडरमा की भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव ने रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में महिलाएं न घर में सुरक्षित हैं और न ही थाने में.
इस घटना के विरोध में रविवार शाम राज्य के सभी 595 सांगठनिक मंडलों में भाजपा के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला दहन करेंगे. नीरा यादव ने घटना के बारे में कहा कि एक महिला पति की प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी. रात हो जाने के कारण वह थाना परिसर में रुक गई. उसे उम्मीद थी कि पुलिस की मौजूदगी में वह सुरक्षित रहेगी, लेकिन आरोप है कि जिस पुलिसकर्मी पर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
उन्होंने कहा कि इस घटना ने पुलिस के प्रति आम लोगों के भरोसे को गहरी चोट पहुंचाई है. भाजपा विधायक नीरा यादव ने कहा कि यह केवल एक महिला के साथ हुआ अपराध नहीं है, बल्कि पूरी पुलिस व्यवस्था और राज्य सरकार की जवाबदेही का सवाल है. सरकार को सबसे पहले पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाना चाहिए. मुख्यमंत्री को जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि राज्य में कानून का इकबाल कैसे कायम होगा और महिलाओं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने राज्य महिला आयोग में छह वर्षों से अध्यक्ष का पद रिक्त रखे जाने का मुद्दा भी उठाया.
यादव ने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है. उन्होंने राज्य में दुष्कर्म और हत्या की बढ़ती घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाब मांगा. पूर्व मंत्री ने राज्य में घुसपैठ, नशे के कारोबार और गोलीबारी की घटनाओं को लेकर भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि झारखंड का सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास की पहचान कमजोर पड़ रही है. राज्य की संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को बचाने के लिए गंभीर प्रयास की जरूरत है. प्रेस वार्ता में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी मौजूद थीं.
इनपुट: आईएएनएस