)
सपा नेता आजम खान को ईडी ने रविवार को गाजियाबाद के PMLA कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने सुनवाई के बाद आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. कोर्ट के आदेश के बाद आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल में भेजा जाएगा. सपा नेता आजम खान के अधिवक्ता दानिश अली भी इस दौरान मौजूद रहे. दानिश अली ने बताया कि गाजियाबाद में रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने आजम खान को पेश किया गया.
कोर्ट ने आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. 13 नवंबर तक आजम खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. दानिश अली ने बताया कि उन्होंने कोर्ट में दलील पेश की ईडी ने अनैतिक तरीके से आजम खान को हिरासत में लिया है. हालांकि, कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला किया है. आजम खान को डासना जेल में रखा जाएगा.
बता दें कि रामपुर में सपा नेता आजम खान ने साल 2006 में जौहर यूनिवर्सिटी शुरू की नींव रखी थी. साल 2012 में यूनिवर्सिटी बनकर तैयार हो गई. जौहर यूनिवर्सिटी का परिसर करीब 250 एकड़ में फैला है. वहीं, 2019 में जौहर ट्रस्ट के लिखाफ शिकायत दर्ज कराई गई. ईडी ने केस दर्ज जांच शुरू की. ट्रस्ट से जुड़े लोगों से ईडी ने पूछताछ की. 13 अक्टूबर को ईडी रामपुर जेल पहुंची और आजम खान से पूछताछ की. इसमें आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी निर्माण में खर्च हुए 494 करोड़ रुपये का हिसाब नहीं दे पाए. इसके बाद ईडी ने केस दर्ज कर लिया.
31 अक्टूबर को आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला को रामपुर जेल से बाहर आना था. शनिवार देर शाम को आजम खान जैसे ही रामपुर जेल से बाहर निकले ईडी ने उन्हें हिरसत में ले लिया और गाजियाबाद लेकर आई. रविवार को ईडी ने आजम खान को पीएमएलए कोर्ट में पेश किया. वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को रिहा कर दिया गया. वह रामपुर घर पहुंचे तो समर्थकों ने पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की. रिमांड की तिथि पूरी होने पर 13 नवंबर को आजम खान को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा.
(गाजियाबाद से वैभव शर्मा की रिपोर्ट)