सतबोहनी जुलुमटांड़ पूजा पंडाल के पास गोली मारकर युवक की हत्या, मौके पर बिखरी मिलीं ताश की गड्डियां
मौका ए वारदात की स्थिति बता रही है कि जुआ खेलने के दौरान विवाद हुआ होगा और उसी के चलते सोनू को गोली मारी गई होगी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी जुलुमटांड़ पूजा पंडाल के पास सोमवार देर रात गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है. गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सोनू की हत्या के बाद से उसके परिजन बदहवास हो गए हैं. घरवालों में चीख-पुकार मची है और वे सोनू के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं. प्रथम दृष्टया हत्या जुए में विवाद के दौरान हुई बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास जुआ खेला जा रहा था और इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है. विवाद बढ़ने के बाद गोली चली, जो सोनू को लगी. घटनास्थल पर ताश की गड्डियां बिखरी मिली हैं, जिससे पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात का संबंध जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद से था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है.
प्रारंभिक तौर पर विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है. हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच जारी है. घटना के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. मृतक के भाई को घटना के संबंध में जानकारी है और उससे भी घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और गोली चलाने की नौबत क्यों आई? पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. युवक की हत्या के बाद सतबोहनी और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है.
दिवाली के समय कुछ लोग जमकर जुआ खेलते हैं और इसे परंपरा का रूप देने की कोशिश करते हैं. ऐसे लोगों में जुए की भयानक लत होती है और वे इसे जस्टिफाई करने की कोशिश करते हैं. इस दौरान विवाद भी होते हैं और ऐसे विवादों की परिणति भी ऐसी ही होती है.