App

USA मेड पिस्टल, कट्टा और स्कॉर्पियो समेत 3 अपराधी गिरफ्तार, गिरिडीह पुलिस ने यूको बैंक में 5 करोड़ की डकैती का किया खुलासा

गिरिडीह पुलिस ने यूको बैंक में 5 करोड़ की डकैती का 9 नवंबर सोमवार को खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान USA मेड पिस्टल, कट्टा और स्कॉर्पियो समेत 3 अपराधी को गिरफ्तार किया है. बता दें कि 5 नवंबर को यूको बैंक में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था.

USA मेड पिस्टल, कट्टा और स्कॉर्पियो समेत 3 अपराधी गिरफ्तार, गिरिडीह पुलिस ने यूको बैंक में 5 करोड़ की डकैती का किया खुलासा
Image Credit: धनवार यूको बैंक में 5 करोड़ की डकैती का खुलासा, 3 अपराधी गिरफ्तार (Z News)

गिरिडीह जिले के धनवार चौक स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े हथियार के बल पर करीब 5 करोड़ के सोने के पैकेट और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया. साथ ही पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान लोडेड पिस्टल, देसी कट्टा, 7 जिंदा गोली, स्कॉर्पियो और 2 अपाचे बाइक बरामद की गई है. एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी.

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि 5 नवंबर को दोपहर लगभग 13:30 बजे धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवार चौक स्थित यूको बैंक में 5 अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक के लॉकर से करीब 5 करोड़ के सोने के पैकेट और नकद करीब 11 लाख 50 हजार रुपये डकैती की घटना को अंजाम दिया था. उन्होंने बताया कि इस संबंध में धनवार थाना कांड सं०-288/2026 दर्ज किया गया था. कांड की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, सरिया-बगोदर, खोरीमहुआ और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय)-द्वितीय के नेतृत्व में 05 अलग-अलग विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया.

डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि विशेष अनुसंधान दल की तरफ से सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन और नाकेबंदी करते हुए घटना को अंजाम देकर मोटरसाइकिल से भाग रहे अपराधियों का पीछा किया गया, जिसके दौरान जमुआ थाना अंतर्गत ग्राम बरदबटिया में मोटरसाइकिल पर सवार अपराधी सड़क में बड़ा गड्ढा रहने के कारण अनियंत्रित होकर गिर पड़े. इस दौरान अपराधी बाइक को छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए भाग गए. विशेष अनुसंधान दल की तरफ से चारों तरफ से जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया. तलाशी के क्रम में जंगल से मो. रिजवान को गिरफ्तार किया गया और इनकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखा गया लोडेड पिस्टल (3 जिंदा कारतूस के साथ) बरामद किया गया.

एसपी डॉ. बिमल कुमार कहा कि इसके बाद गिरफ्तार मो. रिजवान से पूछताछ करने पर अन्य अपराधियों के बारे में बताया गया. नियमित छापेमारी अभियान का संचालन किया गया. इस दौरान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल से सुल्तान अली उर्फ रॉकी को 1 देसी कट्टा के साथ और आयुष पाण्डेय को 04 जिंदा कारतूस और इन दोनों के द्वारा उपयोग में लाए गए अपाचे मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया. इनकी निशानदेही पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया गया.

उन्होंने आगे बताया कि डकैती किए गए पैसे और जेवरात की बरामदगी के साथ घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों के खिलाफ अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में तेज गति से कार्रवाई करने के लिए 3 अन्य विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है. वहीं, गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. रिजवान पिता हयात अली, ग्राम-सत्संग सुरा तिलवाना, थाना-नगर, जिला-देवघर, सुल्तान अली उर्फ रॉकी पिता मो. सब्बीर हुसैन, ग्राम-चपुआडीह, थाना-बेंगाबाद, जिला-गिरिडीह और आयुष पाण्डेय पिता स्व. जयकांत पाण्डेय, ग्राम-गुल्ली पाथर, पो.-सत्संग, थाना-नगर, जिला-देवघर शामिल हैं.

इनके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक पिस्टल (MADE IN USA लिखा हुआ), 07 जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (पंजीयन संख्या- JH11AB-6214), घटना में प्रयुक्त सादे रंग का अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर- JH11OBS 9796) और घटना में प्रयुक्त ग्रे रंग का अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर- JH02BE 6937) बरामद किया है.

गिरिडीह के एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी मो. रिजवान पर मधुपुर थाना कांड सं०-265/2024 और सुल्तान अली उर्फ रॉकी पर मधुपुर थाना कांड सं.-157/2025 दर्ज है. वहीं, एसआईटी टीम में एसडीपीओ सदर जीतवाहन, एसडीपीओ सरिया-बगोदर धनंजय, खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार, डीएसपी आर.के. राणा, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, ज्ञान रंजन कुमार, बमबम कुमार, रोहित कुमार महतो के अलावा एसआईटी की टीम शामिल थी.

रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More