)
गिरिडीह जिले के राजधनवार में 5 नवंबर गुरुवार को भीषण डकैती की घटना हुई. धनवार बाजार स्थित यूको बैंक में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर डकैती की घटना को अंजाम दिया. करीब 10 लाख रुपये नकद और तीन से चार करोड़ रुपये के जेवरात की डकैती होने की बात कही जा रही है. घटना के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. जांच-पड़ताल जारी है. पूरे इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर दी है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह बैंक धनवार थाना के ठीक सामने, थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर बीच बाजार में स्थित है. इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया.
हथियार के बल पर पांच अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे. एक अपराधी हेलमेट लगाए हुए था, जबकि बाकी चार नकाब पहने हुए थे. सभी के पास हथियार था.
अपराधी सबसे पहले मैनेजर के केबिन में घुसे और उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दिया. इसके बाद उन्होंने बैंक के मैनेजर, कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर एक जगह बंद कर दिया. सभी के चेहरे और हाथ में सेलोटेप चिपका दिया गया. इसके बाद अपराधियों ने मैनेजर से गोल्ड रखे हुए लॉकर की चाबी लेकर सारा सोना निकाल लिया और फिर कैश भी लूट लिया. कुछ ग्राहकों से भी पैसे छीने जाने की बात सामने आई है.
अपराधी बैग में सोना भरकर भागते हुए देखे गए हैं. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक के सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी लेकर भाग गए, ताकि सबूत न मिल सके. हालांकि, सीसीटीवी कैमरे में उनकी तस्वीर कैद हो गई है. एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि घटना में प्रयुक्त की गई दो बाइक को पुलिस की टीम ने बरामद कर लिया है. पूरे इलाके में नाकेबंदी की गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा