)
मध्य प्रदेश की राजनीति में अपने बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले रीवा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. मऊगंज जिले में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान मंच से बोलते हुए उन्होंने किसानों को लेकर एक विवादित टिप्पणी कर दी. उन्होंने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने ही मेहनत करते हैं, जबकि बाकी के नौ महीने ताश खेलने, राजश्री खाने और शराब की बोतलों में अपना समय बिताते हैं.
बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के इस विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर बहस छिड़ गई है. एक तरफ सांसद की टिप्पणी पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ किसान संगठनों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है. सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा दिया है.
गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में बोलते हुए बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि अब के किसान पहले के किसानों जैसे नहीं रह गए हैं और वे काफी बदल गए हैं. अब के किसान आराम पसंद करने लगे हैं. इसके बाद उन्होंने सवाल किया, 'किसान 3 महीने मेहनत करते हैं, बाकी के 9 महीने क्या करते हैं?' फिर कार्यक्रम में मौजूद के शख्स ने पीछे से जवाब दिया, 'ताश खेलते हैं.' इसके बाद सांसद जनार्दन मिश्रा ने बात को आगे बढ़ाया और कहा, 'आज का किसान 3 महीने मेहनत करता है और बाकी 9 महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले चढ़ाता है.'
खेती-किसानी में दिन-रात मेहनत करने वाले किसानों को लेकर दिए गए इस बयान को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या सांसद ने किसानों की मेहनत और उनकी वास्तविक परिस्थितियों को नजरअंदाज कर दिया. फिलहाल सांसद का यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है. वह खेती में घटती आमदनी और मुनाफे पर अपनी बात रख रहे थे और कहा कि खेली में अब कुछ नहीं बचा है. हालांकि, इस पर अब तक उनकी तरफ से कोई सफाई नहीं आई है. (इनपुट- अजय मिश्रा)