App

बोकारो वाले रहे सावधान! गोमिया में घूम रहा 35 हाथियों का झुंड, एडवाइजरी जारी

बोकारो के गोमिया में बर्की पुन्नू इलाके में 35 हाथियों का एक झुंड घूम रहा है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय बाहर न निकलें और सेल्फी न लें. इसके अलावा, लोगों को सलाह दी गई है कि अगर हाथी दिख भी जाए, तो वे उनकी तस्वीरें या सेल्फी लेने की कोशिश न करें.

बोकारो वाले रहे सावधान! गोमिया में घूम रहा 35 हाथियों का झुंड, एडवाइजरी जारी
Image Credit: बोकारो में 35 हाथियों का डेरा (जी मीडिया)

बोकारो के गोमिया स्थित बर्की पुन्नू इलाके में 35 हाथियों का एक झुंड घूम रहा है. इसे लेकर एडवाइजरी जारी की गई है. प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. उपायुक्त अजय नाथ झा और जिला प्रभागीय वन अधिकारी नीतीश कुमार ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. स्थानिय निवासियों को सलाह दी गई है कि वे रात के समय बिना किसी जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और हाथियों के करीब जाने या उनकी फोटो या वीडियो लेने की कोशिश न करें.

जोखिम भरा हो सकता आना-जाना

अधिकारियों ने कहा कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेषकर रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलना, मोटरसाइकिल, साइकिल या पैदल आवागमन करना जोखिम भरा हो सकता है. ऐसी लापरवाही से जान-माल की क्षति होने की आशंका बनी रहती है. इसलिए ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे प्रशासन और वन विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें. अपने साथ-साथ घर के सदस्यों को भी बाहर जाने से रोकें, नहीं तो किसी भी तरह की लापरवाही परेशानी में डाल सकती है. 

ग्रामीण इन सावधानियों का करें पालन-

  • रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने से बचें.
  • अंधेरे और जंगल से सटे रास्तों पर आने-जाने से बचें, सावधान रहें. 
  • हाथियों के झुंड के नजदीक न जाएं, फोटो या वीडियो बनाने या फिर उन्हें उकसाने की कोशिश बिल्कुल भी न करें.
  • यदि आपको हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलती है तो, संबंधित क्षेत्र में जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें.
  • किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या फिर वन विभाग को सूचना दें.

अधिक से अधिक लोगों को दें जानकारी

जिला प्रशासन ने स्थानीय जन प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि सभी समय रहते सतर्क हो सकें और किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके. प्रशासन ने यह भी सलाह दी है कि हाथियों की मौजूदगी को गंभीरता से लें. कृपया सतर्क रहें और अपनी सुरक्षा को लेकर कोई लापरवाही न बरतें.

रिपोर्ट: मृत्युंजय मिश्रा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More