पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार को एक दुर्गा पूजा पंडाल में पूजा के लिए उमड़ी भारी भीड़ के चलते मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है, साथ घायलों और मतृकों के परिजनों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया कि प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है. घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे. इसके अलावा राज्य सरकार की तरफ से मरने वालों के परिवार वालों को 25-25 लाख और जख्मियों को 5-5 लाख रुपये देने का वादा किया है.
कोलकाता पुलिस ने क्या बताया?
कोलकाता पुलिस ने एक बयान में कहा,'आज (17/10/26) शाम करीब 7:40 बजे, गिरीश पार्क पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शारदा पार्क (चोर बागान) पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भगदड़ मच गई. बारिश के बीच पंडाल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. सभी जख्मियों को सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MCH) ले जाया गया है.'
पुलिस ने आगे बताया,'कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड, कोलकाता पुलिस, डीएमजी (DMG) टीम और मेडिकल टीमों के साथ एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया. पूजा पंडाल को अब लोगों के लिए बंद कर दिया गया है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, लगभग 35 लोगों को MCH ले जाया गया है.'
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ZEE NEWS से की बात
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ZEE NEWS के साथ फोन पर बात की. इस दौरान उन्होंने कहा,'चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच एक दुखद हादसा हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही हम मेडिकल कॉलेज पहुंचे. शुरुआत में 25 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली थी. इनमें से एक की हालत गंभीर है, जबकि दुख की बात है कि 17 लोगों की जान चली गई है.'
मुख्यमंत्री ने आगे बताया,'हम प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद कर रहे हैं. फिलहाल फॉरेंसिक टीम, STF और कोलकाता पुलिस ने घटनास्थल को खाली करा लिया है. अब वहां भीड़ नहीं है. इस दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है. हमारी सभी टीमें मिलकर काम कर रही हैं. इस समय हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता 25 घायलों का सही इलाज कराना और उन्हें स्वस्थ करना है.'