App

AMCA क्या है, 2035 तक नहीं आया तो कैसे बढ़ जाएगी भारत की चिंता? चीन के J-20 और J-35 की मिसाल देकर IAF चीफ ने क्या कहा?

एयर फोर्स चीफ मार्शल एपी सिंह ने AMCA जेट प्रोजेक्ट में हो रही देरी पर चिंता जताई है. उन्होंने जो भी कहा उसके पीछे क्या वजह है, इस आर्टिकल में हम डिटेल से जानेंगे.

AMCA क्या है, 2035 तक नहीं आया तो कैसे बढ़ जाएगी भारत की चिंता? चीन के J-20 और J-35 की मिसाल देकर IAF चीफ ने क्या कहा?
Image Credit: AMCA के बारे में विस्तार से जानिए...

देश के एयर फोर्स चीफ मार्शल एपी सिंह ने AMCA जेट प्रोजेक्ट में हो रही देरी पर चिंता जताई है. उन्होंने दिल्ली में सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'अगर AMCA के पांचवीं पीढ़ी के फाइटर प्रोग्राम में देरी होती है, तो हमें दूसरे ऑप्शन देखने पड़ सकते हैं. रूस ने Su-57 ऑफर किया है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है, हम अपनी इन्वेंट्री में एयरक्राफ्ट की संख्या बढ़ाना चाहेंगे.'

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बताया कि तेजस लड़ाकू विमानों को शामिल करने में हो रही देरी से भारतीय वायुसेना को काफी नुकसान हो रहा है, क्योंकि मौजूदा हालात में चुनौतियों से निपटने के लिए हवाई ताकत बहुत जरूरी हो चुकी है. ऐसे में वायुसेना के पास फाइटर जेट स्क्वाड्रन की संख्या कम हो रही है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इंडियन एयरफोर्स को अगले कुछ साल हर साल कम से कम 36-40 फाइटर जेट चाहिए. एपी सिंह ने खासतौर पर AMCA जेट प्रोजेक्ट पर जोर दिया. उनका कहना है कि हमें इस जेनरेशन के एयरक्राफ्ट को जल्दी शामिल करने को प्रायोरिटी देनी चाहिए. हमें AMCA प्रोग्राम को आगे बढ़ाना होगा, अगर देरी होती है, तो हमें दूसरे फैसले लेने होंगे.'

अब सवाल ये है कि आखिर AMCA जेट क्या है और क्यों एयर फोर्स चीफ ने इसका जिक्र किया. यहां हम जानेंगे कि इसमें हो रही देरी से भारत की चिंता कैसे बढ़ सकती है.

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने इसका जिक्र क्यों किया?

दरअसल, जिस तरह भारत अपना पांचवीं जेनरेशन का फाइटर जेट बना रहा है, ठीक उसी तरह चीन भी अपना फिफ्थ जनरेशन का एयरक्राफ्ट बनाने में जुटा है. चीन के पांचवीं जेनरेशन के एयरक्राफ्ट बनाने पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा, 'रिपोर्ट्स बताती हैं कि पाकिस्तान जल्द ही उन्हें ले सकता है. पाकिस्तानी पायलट पहले से ही चीन में ट्रेनिंग ले रहे हैं. बेशक, यह चिंता की बात है, लेकिन क्या यह कोई ऐसी सिचुएशन है, जिस पर काम नहीं किया जा सकता? मैं इससे सहमत नहीं हूं. हमारे पास जरूरी काबिलियत है.'

एयर चीफ मार्शल ने इस बयान से समझाा कि सिर्फ नया विमान हासिल कर लेने से युद्ध की बाजी नहीं जीती जा सकती, असली चुनौती उस लड़ाकू विमान (प्लेटफॉर्म) को अपनी पूरी युद्ध प्रणाली में सही तरीके से जोड़ने (इंटीग्रेट करने) की होती है. उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा, 'पाकिस्तान के पास पहले भी आधुनिक प्लेटफॉर्म रहे हैं, फिर भी वे उनके दम पर कुछ खास हासिल नहीं कर पाए. इसी तरह, भारत जो भी नए हथियार और विमान शामिल कर रहा है, अगर हम उन्हें अपने पूरे सिस्टम के साथ बेहतर ढंग से जोड़कर इस्तेमाल करते हैं, तो हम पाकिस्तान के इस खतरे से आसानी से निपट सकते हैं. कम से कम तब तक तो जरूर, जब तक कि वे इन चीनी विमानों को अपने सैन्य तंत्र में पूरी तरह ढाल न लें.'

क्या है AMCA?

AMCA भारत का अपना 5वीं पीढ़ी का मीडियम-वेट स्टील्थ फाइटर जेट है, जिसे DRDO और एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी मिलकर करीब ₹15,000 करोड़ के प्रोजेक्ट के तहत भारतीय वायुसेना के लिए तैयार कर रहे हैं. यह सितंबर 2028 तक अपनी पहली परीक्षण उड़ान भर सकता है. 2034-2035 तक इसके भारतीय वायुसेना में शामिल होने की उम्मीद है. कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी ने 7 मार्च, 2024 को एएमसीए जेट के डिजाइन और विकास की परियोजना को मंजूरी दी थी.

2035 तक नहीं आया तो कैसे बढ़ जाएगी भारत की चिंता?

भारत के लिए सबसे बड़ी टेंशन यह है कि चीन और पाकिस्तान ने सीमा पर बेहद आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम (जैसे S-400 और HQ-9) लगा रखे हैं, जबकि भारत के मौजूदा सुखोई-30 MKI और राफेल (4th व 4.5 जेनरेशन) जैसे बेहतरीन लड़ाकू विमान भी इनके रडार में आ सकते हैं. जबकि 5वीं पीढ़ी का AMCA अपने स्टील्थ फीचर की बदौलत दुश्मन के रडार को चकमा देकर उसके इलाके में घुस सकता है.

एक बड़ी वजह ये भी है कि भारत के पुराने जेट जैसे मिग-21, जगुआर और मिराज रिटायर हो रहे हैं, जिससे वायुसेना में विमानों की कमी हो रही है. इस कमी को पूरा करने और आसमान में दबदबा बनाए रखने के लिए AMCA का समय पर आना बेहद जरूरी है.

आखिर भारत को इसकी जरूरत क्यों?

बदलते वक्त के साथ हर देश अपने आप को और शक्तिशाली कर रहा है. चीन पहले ही 5वीं पीढ़ी के J-20 स्टील्थ फाइटर जेट बड़ी संख्या में तैनात कर चुका है और FC-31/J-35 पर तेजी से काम कर रहा है. वहीं पाकिस्तान भी चीन से स्टील्थ फाइटर खरीदने की जुगत में है. ऐसे में दोनों सीमाओं पर तकनीकी संतुलन और हवाई बढ़त बनाए रखने के लिए भारत को अपने 5th-Gen जेट की सख्त जरूरत है.

दरअसल, 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाना आसान काम नहीं है और ये हर देश के बस की बात नहीं है. सिर्फ अमेरिका (F-35) और रूस (Su-57) जैसे चंद देश ही इन्हें बना पाते हैं. बाहर से ऐसे जेट खरीदने पर अरबों डॉलर पानी की तरह बह जाते हैं, वे अपनी असली तकनीक भी नहीं देते, और जंग के समय अगर उन्होंने कल-पुर्जे देने से मना कर दिया या पाबंदी लगा दी तो मुश्किल खड़ी हो जाती है. ऐसे में, जब भारत अपना खुद का 'AMCA' जेट बना लेगा तो हम रक्षा के मामले में किसी के आगे हाथ फैलाने को मजबूर नहीं होंगे और सही मायनों में आत्मनिर्भर बनेंगे.

AMCA की खासियतें जानिए

1. रडार से छिपने की ताकत: AMCA कुछ इस तरह से डिजाइन किया गया है कि दुश्मन के रडार इसे आसानी से पकड़ ही नहीं पाते. आसान शब्दों में कहें तो रडार की स्क्रीन पर यह लगभग न के बराबर दिखता है, जिससे यह चुपके से दुश्मन के इलाके में घुसकर हमला कर सकता है.

2. बिना ज्यादा तेल फूंके सुपर रफ्तार: आमतौर पर जेट्स को तेज उड़ने के लिए बहुत ज्यादा तेल जलाने वाले 'आफ्टरबर्नर' की जरूरत होती है, लेकिन AMCA सामान्य रूप से उड़ते हुए भी ध्वनि की रफ्तार से तेज भाग सकता है. यही वजह है कि यह ईंधन को बचाता है और लंबी दूरी तय कर पाता है.

3. अत्याधुनिक सेंसर और AI जैसा दिमाग: AMCA में अत्याधुनिक सेंसर्स और गैजेट्स फिट किए गए हैं, जो हर पल की सटीक जानकारी पायलट को देते हैं. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि हवा में कठिन फैसलों के वक्त पायलट का काम आसान हो सके.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More