App

'Aura नहीं, Brezza चाहिए'...मनपसंद कार नहीं मिलने पर बिन दुल्हन लौटा दिल्ली पुलिस का जवान, दहेज की बड़ी डिमांड

सोनीपत में दहेज में ब्रेजा कार नहीं मिलने पर शादी तोड़ने का आरोप लगा है. लड़की के पिता का कहना है कि उन्होंने औरा कार बुक कराई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हा कुलदीप अपनी मां के साथ बिना शादी किए लौट गया. परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

'Aura नहीं, Brezza चाहिए'...मनपसंद कार नहीं मिलने पर बिन दुल्हन लौटा दिल्ली पुलिस का जवान, दहेज की बड़ी डिमांड
Image Credit: Sonipat Dowry Case (AI Image)

हरियाणा के सोनीपत में शादी के दिन दहेज में मनपसंद कार नहीं मिलने पर दूल्हे के बिना शादी किए लौटने का मामला सामने आया है. लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के परिवार ने ब्रेजा कार की मांग की थी, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक औरा कार बुक करवाई थी. इसी बात को लेकर शादी वाले दिन विवाद हो गया. आरोप है कि दूल्हा अपनी मां के साथ विवाह स्थल से वापस लौट गया. पीड़ित परिवार ने सेक्टर-27 थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.

छह महीने पहले तय हुआ था हिना और कुलदीप का रिश्ता
सोनीपत की रहने वाली हिना का रिश्ता करीब छह महीने पहले गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप के साथ तय हुआ था. दोनों परिवारों ने 20 नवंबर को शादी की तारीख निर्धारित की थी. हिना के पिता सुभाष के मुताबिक, उनकी बेटी ने मास्टर डिग्री के साथ जेबीटी की पढ़ाई भी की है. परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और मेहमान भी पहुंच चुके थे.

ब्रेजा कार की मांग, पिता ने बुक कराई थी औरा
लड़की के पिता सुभाष ने आरोप लगाया कि लड़के वालों ने दहेज में ब्रेजा कार की मांग की थी. लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि वह महंगी गाड़ी दे सकें. इसलिए उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार औरा कार बुक करवाई थी. पिता के मुताबिक, ब्रेजा उपलब्ध नहीं होने की बात कहने पर लड़के पक्ष ने नरेला के एक शोरूम में गाड़ी मिलने की जानकारी दी. इसके बाद सुभाष ने सोनीपत के अलग-अलग शोरूम में भी पता किया, लेकिन उनके अनुसार गाड़ी उपलब्ध नहीं हो सकी.

सगाई में दी थी सोने की चेन और अंगूठी
सुभाष ने बताया कि 19 नवंबर को वह गोहाना गए थे, जहां सगाई की रस्म पूरी हुई थी. इस दौरान दूल्हे को सोने की चेन, अंगूठी और अन्य उपहार दिए गए थे. दूल्हे की मां को भी परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार उपहार दिए थे. पिता के मुताबिक, कुलदीप दिल्ली पुलिस में नौकरी करता है और फिलहाल उसकी पोस्टिंग नरेला थाने में बताई गई है. रिश्ता करवाने वाला व्यक्ति भी दिल्ली पुलिस में कार्यरत है.

शादी के दिन दूल्हा और उसकी मां लौट गए
पीड़ित पिता का आरोप है कि शादी वाले दिन बारात में केवल कुलदीप और उसकी मां ही विवाह स्थल पर पहुंचे थे. यहां गाड़ी की मांग को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि लड़के पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी भी की. इसके बाद कुलदीप और उसकी मां बिना शादी किए वापस चले गए.

रात एक बजे पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद परिवार ने रात करीब एक बजे डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद सेक्टर-27 थाने में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई. सुभाष का कहना है कि इस घटना से उनकी बेटी और पूरे परिवार को सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल ये आरोप लड़की पक्ष की ओर से लगाए गए हैं. उपलब्ध जानकारी में दूल्हे पक्ष का जवाब और पुलिस जांच का अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

-सोनीपत से जयदीप राठी की रिपोर्ट
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More