)
यमन में हूती विद्रोहियों और सऊद अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच घमासान मचा हुआ है. दोनों पक्षों ने रविवार को एक-दूसरे पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. इन हमलों में यमन में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए. इस जनहानि के लिए दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है.
हूती विद्रोहियों की ओर से संचालित अल-मसीरा टीवी ने रविवार को इस बारे में रिपोर्ट दी. चैनल के मुताबिक, सऊदी अरब ने हूतियों के नियंत्रण वाली राजधानी सना में एक तेल कंपनी के ठिकाने पर हवाई हमला किया. इससे कंपनी के परिसर को काफी नुकसान पहुंचा और 6 लोग घायल हो गए.
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सऊदी लड़ाकू विमानों ने राजधानी सना के अलग-अलग हिस्सों पर हमले किए, जिससे धरती कांप उठी. दक्षिण-पश्चिम प्रांत ताइज के सबीर अल-मवादिम और जबल हबशी जिलों में भी हवाई हमले हुए. इन इलाकों में रिहायशी मकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए.
इसके जवाब में हूती विद्रोहियों ने अल-बुरैकह जिले के एक रिहायशी इलाके पर ड्रोन अटैक किया. इस अटैक में 3 लोगों की मौत हुई और 7 लोग घायल हो गए.
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने रियाद क्षेत्र की ओर दागे गए एक हूती ड्रोन को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया. उसके बयान में अपने किसी नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई.
शनिवार को भी सऊदी लड़ाकू विमानों ने यमन के लाल सागर स्थित बंदरगाह शहर हुदैदाह पर सिलसिलेवार हवाई हमले किए थे. शहर में पांच से अधिक तेज धमाके सुने गए. इस दौरान सऊदी लड़ाकू विमान ऊपर आसमान में उड़ान भरते रहे. वहां के स्थानीय निवासियों ने बताया कि धमाके बेहद तेज थे.
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने बताया कि सऊदी लड़ाकू विमानों और मिसाइलों ने पिछले 24 घंटों के दौरान यमन के आठ प्रांतों में 71 हमले किए. इन हमलों में कई लोग हताहत हुए हैं. उन्होंने कहा कि दुश्मनों को इन हमलों की कीमत चुकानी पड़ेगी. उनसे बेगुनाहों पर हमले का हिसाब लिया जाएगा.