SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

न गाय पाली, न डेयरी खोली... फिर भी भारत में ला दी दूध की बाढ़, कौन थे 'मिल्कमैन ऑफ इंडिया?'

जानिए 'मिल्कमैन ऑफ इंडिया' डॉ. वर्गीस कुरियन की प्रेरक कहानी, जिन्होंने बिना खुद डेयरी खोले 'ऑपरेशन फ्लड' और अमूल के जरिए भारत को दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना दिया.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 25, 2026, 22:46 IST | Updated: Nov 25, 2026, 23:13 IST
Image Credit: बिना मवेशी पाले इस शख्स ने देश में ला दी थी दूध की बाढ़, जानें 'मिल्कमैन ऑफ इंडिया' की प्रेरक कहानी
Join

न गाय पाली, न डेयरी खोली, फिर भी भारत को दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की ऐसी कहानी लिखी, जिसने देश की तस्वीर बदल दी. ये थे डॉ. वर्गीस कुरियन, जिन्हें 'मिल्कमैन ऑफ इंडिया' के नाम से जाना जाता है. कुरियन का जन्म 26 नवंबर 1921 को केरल के कोझिकोड में हुआ था. उन्होंने गुजरात के आनंद से श्वेत क्रांति की शुरुआत की और किसानों को दूध के कारोबार में सीधे भागीदार बनाया. उन्होंने अमूल को सिर्फ एक डेयरी ब्रांड नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक ताकत का प्रतीक बना दिया.

डॉ. वर्गीज कुरियन के नेतृत्व में शुरू हुए ऑपरेशन फ्लड ने भारत को दूध की कमी वाले देश से दुनिया के सबसे बड़े दूध उत्पादकों में शामिल कर दिया. कुरियन न तो पशुपालक थे, न ही उन्हें दूध के कारोबार का कोई पुराना तजुर्बा था. वे तो पेशे से एक मैकेनिकल इंजीनियर थे, जिन्होंने अमेरिका से पढ़ाई की थी और भारत इसलिए लौटे थे ताकि अपनी वजीफे की शर्त पूरी कर सकें और फिर अपना रास्ता पकड़ लें.

बिचौलियो से हटकर किसानों को दिया मुनाफा

कुरियन का मॉडल ऐसा था, जिसमें मुनाफे का बड़ा हिस्सा बिचौलियों के बजाय किसानों तक पहुंचता था. उन्होंने साबित किया कि सही नेतृत्व, मजबूत सहकारी व्यवस्था और किसानों की भागीदारी से गांवों की अर्थव्यवस्था बदली जा सकती है. डॉ. कुरियन की विरासत आज भी भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और श्वेत क्रांति की सबसे बड़ी पहचान है. 1940 के दशक के आखिर में उन्हें गुजरात के आणंद में एक सरकारी क्रीमरी में काम पर लगाया गया. शुरुआत में उनका मन वहां बिल्कुल नहीं लगता था.

किसानों की स्थिति देख बदला कुरियन का मन

कुरियन को लगता था कि वे एक इंजीनियर हैं और यहां दूध और मक्खन के बीच फंस गए हैं. लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने गांव के किसानों की बेबसी को करीब से देखा. किसान सुबह-शाम मेहनत करते थे, पर बिचौलिये उनका सारा मुनाफा खा जाते थे. बारिश या गर्मी के मौसम में दूध खराब हो जाता था और किसानों को औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता था.

यह भी पढ़ेंः तिरुवन्नामलाई में 2,668 फीट ऊंची पहाड़ी पर महादीपम, 4500 लीटर घी से रोशन होगी ज्योति; लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

आणंद से शुरू हुई एक खामोश क्रांति

सही मायनों में बदलाव की नींव तब पड़ी जब कुरियन ने त्रिभुवनदास पटेल के साथ मिलकर किसानों को एकजुट करने की दिशा में काम किया. विचार बहुत सीधा था, लेकिन उसे जमीन पर उतारना टेढ़ी खीर थी. अगर किसान खुद अपनी सहकारी समिति बनाएं और दूध का प्रसंस्करण व बिक्री खुद संभालें, तो बीच के मुनाफाखोरों को हटाया जा सकता है.

कुरियन ने बनाया ऐसा साम्राज्य जिसमें किसान खुद मालिक थे

यहीं से 'कैरा डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन' की ताकत सामने आई, जिसे आज हम सब अमूल के नाम से जानते हैं. कुरियन ने कोई पारंपरिक डेयरी साम्राज्य खड़ा करने के बजाय एक ऐसा ढांचा तैयार किया, जिसमें मालिक खुद किसान थे. छोटे-छोटे गांवों से दूध इकट्ठा करना, उसकी जांच करना, ठंडा रखना और सही समय पर बाजार तक पहुंचाना यह सब एक व्यवस्था के तहत होने लगा.

भैंस के दूध का पाउडर बनाने की तकनीकि विकसित की

सबसे बड़ी समस्या यह थी कि भैंस के दूध से पाउडर बनाना और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना आसान नहीं माना जाता था. दुनिया भर में गाय के दूध से मिल्क पाउडर बनाने का चलन था, जबकि भारत में भैंस का दूध ज्यादा था. कुरियन और उनकी टीम ने इस चुनौती को स्वीकार किया और भैंस के दूध से पाउडर व कंडेंस्ड मिल्क बनाने की तकनीक को सफल कर दिखाया. एक तरह से उन्होंने उस धारणा को तोड़ दिया कि भारत में दूध का बड़े पैमाने पर औद्योगिक इस्तेमाल संभव नहीं है.

'ऑपरेशन फ्लड' और बदलता भारत

जब आणंद का मॉडल सफल हुआ, तो सवाल उठा कि क्या इसे पूरे देश में फैलाया जा सकता है? 1970 में ऑपरेशन फ्लड की शुरुआत हुई. नाम सुनकर भले ही पानी की बाढ़ का ख्याल आए, लेकिन इसका मकसद देश के कोने-कोने में दूध की उपलब्धता बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना था. इस योजना की खासियत यह थी कि इसने 'रूरल-टू-अर्बन' या गांव से शहर की सीधी कड़ी जोड़ी. शहरों की मांग को गांवों के उत्पादन से इस तरह जोड़ा गया कि दोनों को फायदा मिले.

एक दौर ऐसा भी था जब भारत दूध की कमी से जूझता था और बाहरी मदद पर निर्भर रहना पड़ता था. कुरियन के काम और सहकारी मॉडल ने तस्वीर ही बदल दी. भारत धीरे-धीरे दुनिया के सबसे बड़े दूध उत्पादक देशों में शुमार हो गया. यह किसी जादू की छड़ी से नहीं हुआ, बल्कि सालों की मेहनत, जिद, नौकरशाही से टकराने की हिम्मत और जमीनी हकीकत को समझने की वजह से हुआ.

सादगी, बेबाकी और एक बड़ी सीख

डॉ. वर्गीज कुरियन की एक बड़ी पहचान उनकी बेबाकी थी. वे गलत बात पर चुप रहने वालों में से नहीं थे. चाहे नीतियों का मामला हो या किसानों के हक की लड़ाई, उन्होंने हमेशा उसी बात को तरजीह दी जिससे गांव के आखिरी किसान का भला हो. उन्होंने कभी बड़े-बड़े दावों या दिखावे का सहारा नहीं लिया. उनका मानना था कि असली ताकत संस्थानों में होती है, किसी एक व्यक्ति के करिश्मे में नहीं. वर्गीज करोड़ों हाथों को रोजगार और करोड़ों घरों को पोषण दिया. उनकी कहानी बताती है कि बदलाव लाने के लिए हमेशा उसी क्षेत्र का विशेषज्ञ होना जरूरी नहीं है; जरूरी है समस्या को गहराई से देखना और लोगों पर भरोसा करना. 9 सितंबर 2012 को 90 वर्ष की उम्र में इस महान शख्सियत ने दुनिया को अलविदा कह दिया.

यह भी पढ़ेंः धीरेंद्र शास्त्री हमारे बालक जैसे...भगवान के अपमान पर अधिकारपूर्वक डांटा: योग गुरु बाबा रामदेव

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES