)
गोरखपुर में सोने की तस्करी के एक ऐसे मामले का खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. बैंकॉक से लाए गए करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये के सोने को लेकर जा रहे दो आरोपियों को कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 960 ग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसमें सोने की दो चेन और एक कड़ा शामिल है. इसके अलावा दो लाख रुपये कैश भी पुलिस ने बरामद किए हैं.
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सोने को लेकर जा रहे आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी ही गढ़ दी. यानी करोड़ों के सोने के साथ पुलिस को उलझाने की कोशिश की गई. पुलिस ने कौवाबाग अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशुतोष शुक्ला और सुनील मिश्रा के रूप में हुई है. पूरे मामले का खुलासा एसपी सिटी निमिष पाटिल ने 25 नवंबर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया.
दरअसल, पूरा मामला गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को आशुतोष शुक्ला सोने की दो चेन और एक कड़ा लेकर जा रहा था. इसी दौरान सोने की लूट होने की सूचना पुलिस को दी गई. पहली नजर में मामला लूट का लग रहा था, लेकिन पुलिस ने जब सूचना की जांच शुरू की तो कहानी कुछ और ही निकलकर सामने आई.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आशुतोष अपने सहयोगी सुनील मिश्रा के साथ सोने को बेचने के लिए घंटाघर स्थित सोना मंडी जाने की तैयारी में था. इसके बाद पुलिस ने दोनों की गतिविधियों पर नजर रखी और कौवाबाग अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की गिरफ्त में आए इन आरोपियों के पास से जो बरामदगी हुई, उसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया.
गोरखपुर एसपी सिटी निमिष पाटिल बताया कि दोनों के कब्जे से करीब 960 ग्राम सोना बरामद किया गया है. इसमें सोने की दो चेन और एक कड़ा शामिल है. बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है. इसके साथ ही पुलिस ने दो लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशुतोष शुक्ला निवासी झरकटा, थाना गोला और सुनील मिश्रा निवासी बड़गो हाटा बाजार, थाना गगहा के रूप में हुई है. अब सवाल यह है कि आखिर करोड़ों रुपये के सोने को लेकर पुलिस को लूट की सूचना क्यों दी गई?
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सोने की लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बैंकॉक से सोना किस माध्यम से लाया गया था, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस पूरे नेटवर्क में अन्य किन लोगों की भूमिका है. उन्होंने कहा कि मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: नागेंद्र त्रिपाठी