)
Zee Media ने संकल्प लिया है कि देश के एक-एक नागरिक को नशे के खिलाफ जागरूक बनाना है. नशे के खतरे और उससे होने वाले नुकसान से परिचित कराना है. इसी राष्ट्रीय अभियान 'नशा मुक्त भारत' के तहत आज हम आपको गुजरात के नाडियाड की एक ऐसी कहानी बता रहे हैं, जहां एक व्यक्ति के भागीरथ प्रयासों से हजारों लोग नशे की लत से बाहर निकल चुके हैं.
क्या आप जानते हैं कि हमारे देश में हर साल अलग-अलग किस्म के नशे की लत के चलते औसतन 9 लाख लोगों की मौत हो जाती है. WHO यानी वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के आंकड़े बताते हैं कि भारत में प्रति 1 लाख लोगों में से 38 की मौत नशे के सेवन की वजह से होती है.
आज नशा हमारे देश के लिए एक बड़ी समस्या बन चुका है. लोगों की मौत हो रही है और परिवार बिखर रहे हैं. हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो नशा पीड़ितों को इस दलदल से निकालने का काम कर रहे हैं. गुजरात के नाडियाड में एक व्यक्ति के प्रयासों से हजारों लोग नशा मुक्त हो चुके हैं. यह कहानी है हरीश केनी और उनके नशा मुक्ति केंद्र की.
गुजरात के नाडियाड में लिव लाइफ रिहैब सेंटर और इस नशा मुक्ति केंद्र को चलाने वाले हरीश केनी. शायद आपने इन दोनों नामों के बारे में पहले नहीं सुना होगा, लेकिन जब आपको पता चलेगा कि इस नशा मुक्ति केंद्र की वजह से 10 हजार लोग नशा मुक्ति की मंजिल हासिल कर चुके हैं, तो आप इन दोनों नामों को कभी नहीं भूल पाएंगे. नशे के खिलाफ इस जंग की शुरुआत भी नशे से पैदा हुई पीड़ा की वजह से हुई थी.
#DNAमित्रों | नशे के खिलाफ एक 'योद्धा' का संघर्ष 10 हजार नशा पीड़ितों को सही रास्ता दिखाया देखिए EXCLUSIVE रिपोर्ट ZEE MEDIA का अभियान...नशा मुक्त भारत 🔴'नशा मुक्त भारत' अभियान से आप भी जुड़िए 🔴नशा पीड़ितों और नशा बेचने वालों के वीडियो हमें भेजें सोशल मीडिया पर हमें टैग करें नशा पीड़ितों और नशा बेचने वालों से जुड़े वीडियो हमें इस मोबाइल नंबर @WhatsApp 9310497453 पर भेजें #DNA #DNAWithRahulSinha #NashaMuktBharatAbhiyaan #ZeeNashaMuktBharatAbhiyaan #NashaMuktBharat @rahulsinhatv
— Zee News (@ZeeNews) November 25, 2026
हरीश केनी मुंबई के रहने वाले हैं. हरीश के पिता नशे के आदी थे. इसी नशे की लत की वजह से हरीश की मां ने आत्महत्या कर ली थी. कुछ महीनों बाद उनके पिता का भी देहांत हो गया. इन पीड़ाओं को सहने के बाद हरीश ने मेहनत की और सिर्फ 21 साल की उम्र में मुंबई जैसे शहर में घर तक खरीद लिया था. लेकिन 25 साल की उम्र में हरीश खुद नशे की लत में पड़ गए. यहीं से नशे के खिलाफ हरीश का संघर्ष शुरू हुआ.
हरीश को जिंदगी ने दूसरा मौका दिया तो उन्होंने ठाना कि दूसरों को भी नशा मुक्ति के सफर पर ले जाना है. हरीश ने मुंबई से नशा मुक्ति केंद्रों की शुरुआत की थी और आज वह गुजरात तक पहुंच गए हैं.
हरीश के सेंटर में विशाल ब्रह्मभट्ट भी भर्ती हुए थे. नशे की लत की वजह से विशाल की 200 करोड़ रुपये की कंपनी ठप हो गई थी. नाडियाड के केंद्र में विशाल को नशे से मुक्ति मिली और आज वह खुद दूसरे नशा पीड़ितों की काउंसलिंग करते हैं.
आमतौर पर नशा पीड़ितों को समाज हेय दृष्टि से देखता है, लेकिन यह सही नहीं है. नशा पीड़ित एक ऐसा व्यक्ति होता है, जो कभी जीवन के दबाव या फिर किसी हताशा के चलते नशे में पड़ जाता है. ऐसे लोगों पर तरस खाने या उन्हें धिक्कारने के बजाय सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए.
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि शराब शारीरिक, नैतिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से व्यक्ति को बर्बाद कर देती है. यह न केवल मजदूरों के जीवन में दुख लाती है, बल्कि इससे परिवार की महिलाओं को भी भारी पीड़ा झेलनी पड़ती है और समाज में अपराध बढ़ते हैं.
नशे का परिवार पर क्या प्रभाव पड़ता है, इसे समझने के लिए नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के कुछ आंकड़े देखने चाहिए. सर्वे में नशा करने वाले पतियों की पत्नियों में से 70 प्रतिशत ने माना था कि वे घरेलू हिंसा की शिकार होती रही हैं. 46.4 प्रतिशत महिलाएं ऐसी थीं, जिनके पति कभी-कभार नशे में होते थे और नशे की वजह से घरेलू हिंसा को अंजाम देते थे. इस सर्वे से यह निष्कर्ष भी निकला था कि जिन महिलाओं के पति बिल्कुल नशा नहीं करते थे, उनके मुकाबले अक्सर नशा करने वाले व्यक्तियों की पत्नियां तीन गुना ज्यादा हिंसा का सामना करती थीं.
नशे की लत का असर सिर्फ पति-पत्नी के रिश्ते पर ही नहीं पड़ता. परिवार के बच्चे भी नशे से बहुत ज्यादा प्रभावित होते हैं. इस समस्या पर सामाजिक न्याय मंत्रालय ने एक अध्ययन किया था. अध्ययन से पता चला कि परिवार में नशे के आदी व्यक्तियों की वजह से 4 लाख 60 हजार बच्चों को मेडिकल सहायता की जरूरत पड़ी थी. मानसिक तनाव की वजह से तकरीबन 2 प्रतिशत बच्चे नशा करने लगे थे. अध्ययन से पता चलता है कि एक नशा पीड़ित सिर्फ अपने ही नहीं, बल्कि अगली पीढ़ी के विकास को भी प्रभावित करता है.
इन आंकड़ों और जानकारियों से साफ है कि नशा सिर्फ व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है. इसलिए आप भी Zee Media के नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ें और नशा पीड़ितों को उचित सहायता दिलाकर परिवार और समाज दोनों का भविष्य उज्ज्वल करें.