)
ZEE NEWS लगातार आपसे जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहा है. हमने खाने से लेकर पानी में मिलावट तक का मुद्दा उठाया. शुद्ध हवा का मुद्दा उठाया. आज बात शुद्ध दवा की होगी. अगर खराब खाना, खराब पानी और खराब हवा की वजह से आपकी तबीयत बिगड़ती है, तो आप क्या करते हैं? दवा लेते हैं, लेकिन अगर दवा ही अशुद्ध और मिलावटी हो तो आप क्या करेंगे?
देश में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन यानी CDSCO ने एक रिपोर्ट जारी की है. अक्टूबर महीने में जांच की गई दवाओं में से 324 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल हो गईं. यानी सिर्फ एक महीने में इतने सैंपल या तो खराब गुणवत्ता के पाए गए या फिर उनमें कोई मिलावट पाई गई. आज हम खराब दवाओं वाली इसी रिपोर्ट को डिकोड करने वाले हैं. आपको पता चलेगा कि वो कौन कौन सी दवाएं हैं जिनका नाम इस लिस्ट में है. इन दवाओं का उपयोग हमारे देश में कितने लोग करते हैं. साथ ही, आपको आज ये भी पता चलेगा कि खराब और नकली दवाओं का बाजार हमारे देश में कितना बड़ा है और इससे कितनी बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है.
लेकिन सबसे पहले आपको 324 दवाओं की इस लिस्ट को बहुत गौर से देखना चाहिए. (लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें) ये लिस्ट हर उस व्यक्ति को देखनी चाहिए जो कोई न कोई दवा खाता है. ये लिस्ट हर उस व्यक्ति को देखनी चाहिए जिनके परिवार में कोई न कोई दवा का सेवन करता है. ये देखना चाहिए कि क्या आप जो दवा खा रहे हैं वो इस लिस्ट में मौजूद है या नहीं.
इस लिस्ट में कई दवाओं के नाम तो ऐसे हैं जो आप आमतौर पर सर्दी, बुखार या बदन दर्द में लेते हैं.. ब्लड प्रेशर और एसिडिटी के लिए ली जाने वाली दवाइयां भी जांच में फेल हुई हैं. इसमें पहला नाम है आईब्रूफेन एंड पैरासिटामोल सस्पेंशन. इस दवा के बारे में आप में से 90 फीसदी लोग जानते होंगे. इसे बुखार और दर्द के वक्त लिया जाता है, लेकिन इसके एक सैंपल की जांच में आईब्रूफेन की मात्रा ही तय मानकों से अलग पाई गई है.
दूसरी दवा का नाम है एजिथ्रोमाइसिन टैबलेट जो एक एंटीबायोटिक है. इसे वायरल इंफेक्शन के वक्त खाया जाता है. इस सैंपल में ब्रांड का नाम भी दर्ज है. Azithral 500. इसके एक खास बैच की जांच में पाया गया कि इसमें एजिथ्रोमाइसिन की मात्रा तय मानकों के हिसाब से नहीं पाई गई.
इसी लिस्ट में टेल्मीसर्टन दवा भी दर्ज है. जिसे ब्लड प्रेशर के मरीज खाते हैं. इसके एक सैंपल की जांच में टैबलेट का वजन ही गलत पाया गया.
अगला नाम है क्लोपी डोग्रेल एंड एस्पिरिन कैप्सूल. ये दवा हार्ट ब्लॉकेज रोकने के लिए दी जाती है. ये दवा उन मरीजों के लिए बहुत जरूरी है जिन्हें हार्ट अटैक का खतरा होता है.. लेकिन इसके सैंपल में एस्प्रिन की मात्रा ही कम पाई गई.
इस लिस्ट में एंटी एलर्जिक दवा फेक्सो फेनाडाइन हाईड्रो क्लोराइड टैबलेट भी है. इसके सैंपल की जांच में ये पाया गया है कि ये दवा तय मानकों के हिसाब से शरीर में नहीं घुल रही है.
ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का एक सैंपल भी इसीलिए फेल हो गया, क्योंकि ये कीटाणुओं से मुक्त नहीं पाया गया. ये दवा कितनी महत्वपूर्ण है, इसे ऐसे समझा जा सकता है कि इसे गर्भवती महिलाओं को डिलिवरी के वक्त दिया जाता है. राजस्थान के कोटा में इसी साल जून के महीने में नकली ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की वजह से 5 महिलाओं की मौत हो गई थी.
CDSCO की इस लिस्ट में और भी कई चीजें हैं, जिनका इस्तेमाल घर-घर में होता है. इस लिस्ट में Johnson's baby साबुन का नाम भी है. क्योंकि इसके सैंपल में धूल-मिट्टी के कण पाए गए हैं. मेडिकल यूज वाले कॉटन के कई सैंपल इसीलिए फेल हो गए क्योंकि उसमें धूल और मिट्टी के कण पाए गए. टांका देने वाले धागे का सैंपल भी इसीलिए फेल हो गया क्योंकि उसमें कलर मिलाया हुआ था.
ये सैंपल फेल तो हो गए, लेकिन एक सवाल उठता है कि ये तो सिर्फ सैंपल थे. इसी बैच की दवाइयां बाजार तक पहुंच भी चुकी होंगी. कई दवाइयां बड़े अस्पतालों की सप्लाई चेन में चली गई होंगी. लोगों ने इसे मेडिकल शॉप से खरीदकर खा भी लिया होगा. ये दवाइयां इतनी आम हैं कि ये अंदाजा लगाना मुश्किल है कि कितने लोगों ने मिलावटी दवा खाई और कितनों ने शुद्ध.
भारत में सालाना पैरासिटामोल की 500 करोड़ टैबलेट्स की बिक्री होती है.
एजिथ्रोमाइसिन की करीब 60 करोड़ डोज सालाना खपत होती है.
एक अनुमान के मुताबिक देश में करीब 3 करोड़ लोग एस्पिरिन खाते हैं.
इसीलिए, आपको ये भी जानना चाहिए कि अगर कोई व्यक्ति इस तरह के मिलावटी और अशुद्ध दवाइयों का सेवन करता है, तो इसका परिणाम क्या होगा?
खराब क्वालिटी वाली दवाओं की लिस्ट हर साल जारी होती है. आपको देखना चाहिए कि हर साल कितने सैंपल फेल होते हैं.
2020 से लेकर अब तक जारी हुई लिस्ट को जब हमने डिकोड किया, तो एक बेहद परेशान करने वाला आंकड़ा सामने आया है. पिछले पांस सालों में सबसे ज्यादा एंटीबायोटिक्स के 523 सैंपल फेल हुए हैं. इसके बाद 516 ऐसी दवाइयों के सैंपल फेल हए जो गैस्ट्रोनॉमिकल दवाओं की कैटेगरी में आते हैं. जैसे पेट दर्द और एसिडिटी की दवाएं. ये सैंपल्स किसी खास कंपनी के नहीं थे.. लगभग हर बड़ी छोटी कंपनी के सैंपल लिए जाते हैं.. और फेल होने वाले सैंपल में हर तरह के नाम होते हैं. ऐसे में सवाल तो ये उठता है कि इसे रोका क्यों नहीं जा रहा है. मामला आम आदमी की सेहत से जुड़ा हुआ है तो कोई ठोस एक्शन क्यों नहीं लिया जा रहा है.
जितनी हानिकारक नकली दवाइयां होती हैं. उतनी ही खतरनाक मिलावटी दवाइयां भी हो सकती हैं. इसीलिए ये सवाल पूछा जाना चाहिए कि मिलावटी या नकली दवाओं के सैंपल जब फेल होते हैं, तो उस दवा कंपनी पर क्या एक्शन होता है.. अभी तक कितनी कंपनियों के खिलाफ एक्शन लिया गया है.
यानी मिलावटी और नकली दवा बेचने वालों के खिलाफ नियम तो कड़े बनाए गए हैं, लेकिन सवाल उठता है कि इन नियमों को कितनी बार लागू कर के किसी कंपनी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की गई है.
6 फरवरी 2026 को लोकसभा में सरकार से सवाल पूछा गया था कि 2020 से 2025 तक नकली या मिलावटी दवाएं बेचने वाली कितनी कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किए गए हैं.. जवाब में ये बताया गया कि 3,056 आपराधिक मुकदमे शुरू हुए हैं, लेकिन ये आंकड़ा कहीं उपलब्ध नहीं है कि इन मुकदमों के बाद कितनी कंपनियों पर एक्शन हुआ है. कुछ अन्य रिपोर्ट्स में ये जानकारी मिलती है कि मार्च 2023 में 18 और अगस्त 2023 में 66 कंपनियों के लाइसेंस रद्द किए गए थे.
अगर दवाइयां लोगों की बीमारी ठीक करती हैं, तो मिलावटी या नकली दवाइयां बीमार भी कर सकती हैं. ऐसे में नकली और मिलावटी दवाओं के खिलाफ एक्शन को और सख्त करने की जरूरत है. ताकि, कोई भी कंपनी दवा में मिलावट करने से पहले इसके खिलाफ होने वाली कार्रवाई के बारे में सोच कर ही कांप उठे.