)
न गाय पाली, न डेयरी खोली, फिर भी भारत को दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की ऐसी कहानी लिखी, जिसने देश की तस्वीर बदल दी. ये थे डॉ. वर्गीस कुरियन, जिन्हें 'मिल्कमैन ऑफ इंडिया' के नाम से जाना जाता है. कुरियन का जन्म 26 नवंबर 1921 को केरल के कोझिकोड में हुआ था. उन्होंने गुजरात के आनंद से श्वेत क्रांति की शुरुआत की और किसानों को दूध के कारोबार में सीधे भागीदार बनाया. उन्होंने अमूल को सिर्फ एक डेयरी ब्रांड नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक ताकत का प्रतीक बना दिया.
डॉ. वर्गीज कुरियन के नेतृत्व में शुरू हुए ऑपरेशन फ्लड ने भारत को दूध की कमी वाले देश से दुनिया के सबसे बड़े दूध उत्पादकों में शामिल कर दिया. कुरियन न तो पशुपालक थे, न ही उन्हें दूध के कारोबार का कोई पुराना तजुर्बा था. वे तो पेशे से एक मैकेनिकल इंजीनियर थे, जिन्होंने अमेरिका से पढ़ाई की थी और भारत इसलिए लौटे थे ताकि अपनी वजीफे की शर्त पूरी कर सकें और फिर अपना रास्ता पकड़ लें.
कुरियन का मॉडल ऐसा था, जिसमें मुनाफे का बड़ा हिस्सा बिचौलियों के बजाय किसानों तक पहुंचता था. उन्होंने साबित किया कि सही नेतृत्व, मजबूत सहकारी व्यवस्था और किसानों की भागीदारी से गांवों की अर्थव्यवस्था बदली जा सकती है. डॉ. कुरियन की विरासत आज भी भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और श्वेत क्रांति की सबसे बड़ी पहचान है. 1940 के दशक के आखिर में उन्हें गुजरात के आणंद में एक सरकारी क्रीमरी में काम पर लगाया गया. शुरुआत में उनका मन वहां बिल्कुल नहीं लगता था.
कुरियन को लगता था कि वे एक इंजीनियर हैं और यहां दूध और मक्खन के बीच फंस गए हैं. लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने गांव के किसानों की बेबसी को करीब से देखा. किसान सुबह-शाम मेहनत करते थे, पर बिचौलिये उनका सारा मुनाफा खा जाते थे. बारिश या गर्मी के मौसम में दूध खराब हो जाता था और किसानों को औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता था.
सही मायनों में बदलाव की नींव तब पड़ी जब कुरियन ने त्रिभुवनदास पटेल के साथ मिलकर किसानों को एकजुट करने की दिशा में काम किया. विचार बहुत सीधा था, लेकिन उसे जमीन पर उतारना टेढ़ी खीर थी. अगर किसान खुद अपनी सहकारी समिति बनाएं और दूध का प्रसंस्करण व बिक्री खुद संभालें, तो बीच के मुनाफाखोरों को हटाया जा सकता है.
यहीं से 'कैरा डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन' की ताकत सामने आई, जिसे आज हम सब अमूल के नाम से जानते हैं. कुरियन ने कोई पारंपरिक डेयरी साम्राज्य खड़ा करने के बजाय एक ऐसा ढांचा तैयार किया, जिसमें मालिक खुद किसान थे. छोटे-छोटे गांवों से दूध इकट्ठा करना, उसकी जांच करना, ठंडा रखना और सही समय पर बाजार तक पहुंचाना यह सब एक व्यवस्था के तहत होने लगा.
सबसे बड़ी समस्या यह थी कि भैंस के दूध से पाउडर बनाना और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना आसान नहीं माना जाता था. दुनिया भर में गाय के दूध से मिल्क पाउडर बनाने का चलन था, जबकि भारत में भैंस का दूध ज्यादा था. कुरियन और उनकी टीम ने इस चुनौती को स्वीकार किया और भैंस के दूध से पाउडर व कंडेंस्ड मिल्क बनाने की तकनीक को सफल कर दिखाया. एक तरह से उन्होंने उस धारणा को तोड़ दिया कि भारत में दूध का बड़े पैमाने पर औद्योगिक इस्तेमाल संभव नहीं है.

जब आणंद का मॉडल सफल हुआ, तो सवाल उठा कि क्या इसे पूरे देश में फैलाया जा सकता है? 1970 में ऑपरेशन फ्लड की शुरुआत हुई. नाम सुनकर भले ही पानी की बाढ़ का ख्याल आए, लेकिन इसका मकसद देश के कोने-कोने में दूध की उपलब्धता बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना था. इस योजना की खासियत यह थी कि इसने 'रूरल-टू-अर्बन' या गांव से शहर की सीधी कड़ी जोड़ी. शहरों की मांग को गांवों के उत्पादन से इस तरह जोड़ा गया कि दोनों को फायदा मिले.
एक दौर ऐसा भी था जब भारत दूध की कमी से जूझता था और बाहरी मदद पर निर्भर रहना पड़ता था. कुरियन के काम और सहकारी मॉडल ने तस्वीर ही बदल दी. भारत धीरे-धीरे दुनिया के सबसे बड़े दूध उत्पादक देशों में शुमार हो गया. यह किसी जादू की छड़ी से नहीं हुआ, बल्कि सालों की मेहनत, जिद, नौकरशाही से टकराने की हिम्मत और जमीनी हकीकत को समझने की वजह से हुआ.
डॉ. वर्गीज कुरियन की एक बड़ी पहचान उनकी बेबाकी थी. वे गलत बात पर चुप रहने वालों में से नहीं थे. चाहे नीतियों का मामला हो या किसानों के हक की लड़ाई, उन्होंने हमेशा उसी बात को तरजीह दी जिससे गांव के आखिरी किसान का भला हो. उन्होंने कभी बड़े-बड़े दावों या दिखावे का सहारा नहीं लिया. उनका मानना था कि असली ताकत संस्थानों में होती है, किसी एक व्यक्ति के करिश्मे में नहीं. वर्गीज करोड़ों हाथों को रोजगार और करोड़ों घरों को पोषण दिया. उनकी कहानी बताती है कि बदलाव लाने के लिए हमेशा उसी क्षेत्र का विशेषज्ञ होना जरूरी नहीं है; जरूरी है समस्या को गहराई से देखना और लोगों पर भरोसा करना. 9 सितंबर 2012 को 90 वर्ष की उम्र में इस महान शख्सियत ने दुनिया को अलविदा कह दिया.