)
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में महादीपम उत्सव अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. एक अनुमान के मुताबिक करीब 50 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र 'महादीपम' के दर्शन करेंगे, जो तिरुवन्नामलाई के चिरस्थायी आध्यात्मिक आकर्षण का प्रमाण है. यहां अरुणाचलेश्वर मंदिर के पीछे स्थित पहाड़ी की चोटी पर मंगलवार शाम 6 बजे महादीपम प्रज्ज्वलित किया जाएगा. इसके लिए श्रद्धालु 4,500 लीटर घी, बाती के लिए सूती कपड़ा और एक विशेष कड़ाही लेकर पहाड़ी की चोटी तक पहुंचे हैं.
2,668 फीट ऊंची पहाड़ी पर महादीपम का प्रज्वलन मंदिर के 10 दिवसीय कार्तिगई दीपम उत्सव के समापन का प्रमुख आयोजन है. मंगलवार के धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत सुबह 4 बजे मंदिर के भीतर होने वाले भरनी दीपम से हुई.
अब शाम का मुख्य आयोजन का केंद्र मंदिर से लगी पहाड़ी पर होगा. पहाड़ी की चोटी पर दीप जलाने की तैयारियां सोमवार यानी उत्सव के नौवें दिन सुबह से ही शुरू हो गई थीं. सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर के दूसरे प्रांगण में स्थित चिन्ना नंदी मंदिर के पास विशेष कड़ाही रखी गई.
विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु कड़ाही को लेकर पहाड़ी पर चढ़े. दीप जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाला घी और बाती के लिए सूती कपड़ा अलग-अलग ले जाया गया.
कार्तिगई दीपम उत्सव की शुरुआत 15 नवंबर को मंदिर में ध्वजारोहण के साथ हुई थी. इसके बाद हर सुबह मंदिर के आसपास की माडा सड़कों पर विनायकर और चंद्रशेखरर की शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं. रात में पांच प्रमुख उत्सव देवताओं यानी पंचमूर्तियों को भी इन्हीं सड़कों से पारंपरिक वाहनों पर सवार कर शोभायात्रा निकाली जाती है.
सोमवार सुबह 11 बजे ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सुबह की शोभायात्रा निकली. इसमें विनायकर को उनके वाहन मूषक पर विराजमान कराया गया. इसके बाद चंद्रशेखरर और उनकी पत्नी अंबाल को पुरुष मुनि वाहन पर ले जाया गया.
देवताओं की शोभायात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े श्रद्धालु नारियल फोड़ते और कपूर जलाकर पूजा-अर्चना करते रहे.
शाम की शोभायात्रा रात 10 बजे शुरू हुई. इसमें मुरुगन अपनी पत्नियों वल्ली और देवयानई के साथ, अरुणाचलेश्वरर उन्नामुलई अम्मन के साथ, पराशक्ति अम्मन, विनायकर और चंडीकेश्वरर शामिल रहे.
शोभायात्रा में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक वाहनों में कैलाश पर्वत और कामधेनु यानी दिव्य गाय के स्वरूप भी शामिल थे.
मंदिर के भीतर इस अवसर के लिए अलग-अलग रंगों के फूलों से नटराज और शिवलिंग की आकृतियां सजाई गई थीं.
एक अन्य फूलों की सजावट में तमिल शैव परंपरा के चार प्रमुख संतों—माणिक्कवाचकर, सुंदरर, तिरुनावुक्करसर और तिरुग्नानसंबंदर की आकृतियां बनाई गई थीं.