App

अयोध्या की दिवाली के 15 दिन बाद काशी में क्यों मनाते हैं देव दीपावली? पढ़ें रोचक कथा

कार्तिक पूर्णिमा पर आज देश भर में देव दीपावली मनाई जा रही है और इसकी असली रौनक शाम को सूर्यास्‍त के बाद काशी के घाटों पर नजर आती है. जानिए काशी में देवताओं के दिवाली मनाने की कथा.

अयोध्या की दिवाली के 15 दिन बाद काशी में क्यों मनाते हैं देव दीपावली? पढ़ें रोचक कथा
Image Credit: देवताओं द्वारा दीपावली मनाने की कहानी. (Photo:AI)

आज 24 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा है, इसी दिन देव दिवाली मनाते हैं. वैसे तो देव दीपावली देश के कई हिस्‍सों में मनाते हैं, लेकिन इसका मुख्‍य आयोजन भगवान शिव की नगरी काशी (वाराणसी) में होता है. इसके पीछे वजह है कि देव दिवाली का संबंध काशी से ही है. धार्मिक मान्‍यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात काशी में गंगा नदी के तटों पर देवता आते हैं और दिवाली मनाते हैं. इसके पीछे वजह युगों पुरानी एक पौराणिक कथा है, जिसके कारण कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं.  

त्रिपुरासुर का हुआ था वध

शिव पुराण के अनुसार, ताड़कासुर राक्षस के 3 बेटे थे - तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली. इन तीनों की सामूहिक शक्ति को त्रिपुरासुर कहा गया. वहीं कुछ कथाओं के अनुसार त्रिपुरासुर नाम का राक्षस था. जिसने तीन शक्तिशाली नगर बसाए थे. त्रिपुरासुर ने कठोर तपस्‍या से ब्रह्मा जी से ऐसा वरदान प्राप्‍त किया था कि उसे सिर्फ वही मार सकेगा, जो एक साथ उसके तीनों नगरों को भी नष्‍ट करेगा. इस वरदान के बाद त्रिपुरासुर निरंकुश हो गया, उसे लगा कि उसे कोई नहीं मार पाएगा.

इसके बाद त्रिपुरासुर ने ऐसा आतंक मचाया कि देवता भी परेशान हो गए. वे भगवान शिव की शरण में पहुंचे. तब भगवान शिव ने अपने दिव्‍य धनुष पर एक अद्भुत बाण चढ़ाया और तीनों नगरों को एक साथ नष्ट कर दिया. जिससे त्रिपुरासुर का अंत हुआ.

देवताओं ने मनाई दिवाली

त्रिपुरासुर के अंत से देवता प्रसन्‍न हुए और उन्‍होंने शिव की नगरी काशी में दीप जलाकर दिवाली मनाई. भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की. इस दिन कार्तिक पूर्णिमा थी, जो कि कार्तिक अमावस्‍या पर दिवाली मनाए जाने के ठीक 15 दिन बाद पड़ती है. चूंकि इस दिन देवताओं ने दिवाली मनाई थी, इसलिए इस दिन हर साल देव दिवाली मनाते हैं. साथ ही त्रिपुरासुर राक्षस का वध हुआ था, इसलिए इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा कहते हैं.

यही वजह है कि भगवान राम के आगमन की खुशी में कार्तिक अमावस्‍या पर अयोध्‍या में दिवाली मनाई जाती है और त्रिपुरासुर राक्षस के वध की खुशी में 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देव दिवाली मनाई जाती है.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More