)
कन्हैया लाल शर्मा/मथुरा: गोवर्धन थाना क्षेत्र में ससुर की गला काटकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी दामाद सुखवीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गोवर्धन पुलिस और एसओजी (SOG) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को बम्बे वाली पटरी के पास से दबोच लिया है. पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू और वारदात के वक्त पहनी गई जैकेट भी बरामद कर ली है.
प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र के मुताबिक, 21 नवंबर को इगलास निवासी विनोद कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता ओमप्रकाश की हत्या उनके बहनोई सुखवीर ने की है. इस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी.
जांच में सामने आया कि अलीगढ़ के बरला थाना क्षेत्र के खैराबाद नगरिया निवासी आरोपी सुखवीर अपने साले अरविंद की शादी में न बुलाए जाने और अन्य साढुओं को शादी का कार्ड दिए जाने से गुस्से में था. इसी नाराजगी के चलते वह शादी के दिन गोवर्धन पहुंचा और ससुर ओमप्रकाश को अकेला पाकर चाकू से गला काटकर उनकी हत्या कर दी. वारदात के बाद से ही सुखवीर फरार चल रहा था.

सोमवार को मुखबिर की सूचना पर गोवर्धन थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे बम्बे वाली पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और जैकेट बरामद करने के बाद मामले में सुसंगत धाराएं बढ़ाईं और आरोपी को न्यायालय में पेश किया.
अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र स्थित बसई गांव के रहने वाले अरविंद ने बताया कि उसकी शादी के दौरान बारात आई थी और रात करीब 10 बजे उनके पिता भजन करके खाने के लिए लौट रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में पकड़ लिया गया और उनका गला काट दिया गया. अरविंद के अनुसार, आरोपित उनके बहनोई सुखबीर (निवासी नगला अकरौली) हैं, जो शादी का कार्ड न मिलने को लेकर नाराज थे और उनकी बहन रेखा को पहले भी जान से मारने की धमकियां देते थे. उन्होंने बताया कि हमलावर पिता के पास मौजूद बैग भी ले गए, जिसमें दो बहुओं का सामान और पैसे रखे थे, जबकि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और रात करीब 3 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.