)
Punjab Politics: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है. करीब 6 साल बाद फिर से शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया. दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में अमित शाह और सुखबीर बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गठबंधन की घोषणा की.
दरअसल, पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन करीब 24 साल चला था. एक समय पर इन दोनों दलों को इतना मजबूत माना जाता था कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने इसको 'नाखून मांस का रिश्ता' करार दिया था. करीब 2 दशक से अधिक समय तक सबसे मजबूत माना जाने वाला ये गठबंधन तीन कृषि कानूनों के विरोध में टूट गया.
जानकारी दें कि शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन के टूटने की पृष्ठभूमि जून 2020 में शुरू हुई, जब केंद्र की मोदी सरकार कृषि अध्यादेश लेकर आई. अकाली दल ने इन अध्यादेशों का विरोध किया था और इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य से जुड़े बदलाव पर सवाल खड़ा किए थे. केंद्र सरकार के इन अध्यादेशों का पंजाब के किसान संगठनों ने विरोध किया था.
इस अध्यादेश में किसानों की सबसे बड़ी चिंता न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और सरकारी खरीद व्यवस्था पर थी. अकाली दल ने केंद्र सरकार से कानूनों में एमएसपी की कानूनी गारंटी शामिल करने की मांग की थी. हालांकि, केंद्र इस पर विचार नहीं किया.
Delhi: Union Home Minister Amit Shah, Bharatiya Janata Party (BJP) National President Nitin Nabin, and other leaders felicitate Shiromani Akali Dal (SAD) President Sukhbir Singh Badal at the BJP headquarters in New Delhi ahead of announcing their alliance for the 2027 Punjab Assembly elections.
— ANI (@ANI) November 24, 2026
इसके बाद 17 सितंबर 2020 को तत्कालीन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने तीनों किसान विधेयकों के विरोध में ये फैसला लिया था. हालांकि, इसके बावजूद भी ये तीनों विधेयक संसद में पारित हो गए. इसके बाद बीजेपी और अकाली दल के बीच दूरियां बढ़ीं और दोनों के गठंबधन में दरार पड़ी.
26 सितंबर को SAD ने एक बड़ा फैसला किया और एनडीए को छोड़ने का ऐलान किया. सुखबीर सिंह बादल ने कहा था कि केंद्र सरकार किसानों की फसलों की MSP पर खरीद को कानूनी गारंटी देने के लिए तैयार नहीं है. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि सरकार किसानों और मजदूरों की चिंताओं को नजरअंदाजकृ कर रही है.

इन सबके के बीच SAD के बड़े नेता प्रकाश सिंह बादल ने एक बड़ा कदम उठाया और किसानों के समर्थन में अपना पद्म विभूषण सम्मान राष्ट्रपति को वापस कर दिया. बादल का कहना था कि वह जो भी हैं किसानों की वजह से ही हैं, ऐसे में किसान के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता है.
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था. हालांकि, उस वक्त से अभी तक अकाली दल और बीजेपी के बीच राजनीतिक दूरी देखने को मिली. साल 2022 के चुनाव में दोनों दलों ने अकेले चुनाव लड़ा. इसका फायदा आम आदमी पार्टी को हुआ और पूर्ण बहुमत से आप ने सरकार बनाई. अब दोनों के बीच करीब 6 साल बाद फिर से गठबंधन हुआ है, जिससे पंजाब की राजनीति में एक अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
पंजाब में पहली बार बीजेपी और अकाली दल के बीच साल 1996 में गठबंधन हुआ था. इसके अगले साल यानी 1997 में पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा. इसके बाद साल 2020 तक दोनों दल साथ रहे थे. इस गठबंधन ने 1997, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ा. हालांकि, 2020 में गठबंधन टूटने के बाद साल 2022 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा था.