App

किताब में सावरकर पर वार, पोते का पलटवार! सोनिया गांधी को सत्यकी ने भेजा नोटिस, 15 दिन में मांगा जवाब

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में वीर सावरकर पर जो लिखा गया है, उसके बाद उनके पोते सत्यकी ने कांग्रेस नेता को नोटिस भेजा है. उनसे 15 दिन में जवाब देने को कहा गया है. अगर वह ऐसा नहीं करती हैं, तो कानूनी एक्शन लिया जाएगा.

किताब में सावरकर पर वार, पोते का पलटवार! सोनिया गांधी को सत्यकी ने भेजा नोटिस, 15 दिन में मांगा जवाब
Image Credit: वीर सावरकर को लेकर फिर विवाद छिड़ गया है.

स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के पोते सत्यकी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है. सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सावरकर के बारे में लिखी गई सामग्री पर आपत्ति जताई गई है. यह नोटिस दिल्ली में उनके आवास, 10 जनपथ पर डाक के जरिए भेजा गया है; साथ ही ईमेल से भी भेजा गया है. नोटिस का जवाब 15 दिनों के भीतर देने की मांग की गई है.

सत्यकी का आरोप है कि किताब के पन्नों 201 और 443 पर अपमानजनक बातें लिखी गई हैं.आरोप के मुताबिक,  किताब में दावा किया गया है कि वीर सावरकर ने अंग्रेजों के लिए जासूसी की और उनकी मदद की. सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस जारी किया गया है, जिसमें उन पर सावरकर को बदनाम करने का आरोप है. 

जवाब नहीं मिला तो दायर करेंगे मुकदमा

सत्यकी ने चेतावनी दी है कि अगर कोई जवाब नहीं मिलता है, तो अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा. यह जानकारी सावरकर परिवार के वकील संग्राम कोल्हटकर ने दी है.

इसमें सोनिया गांधी से कहा गया है कि वे कानूनी नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर इन मांगों को पूरा करें. नोटिस में कहा गया है कि अगर वे ऐसा नहीं करती हैं या मानने से इनकार कर देती हैं, तो सत्यकी सावरकर किसी सक्षम अदालत या प्राधिकरण के सामने उचित कानूनी कार्रवाई शुरू कर सकते हैं.

नोटिस के अनुसार, सत्यकी सावरकर की नजर हाल ही में सोनिया गांधी की लिखी एक किताब पर पड़ी. इसमें सावरकर के बारे में दिए गए बयानों और आरोपों से उन्हें काफी ठेस पहुंची है.

नोटिस में किताब के पेज 201 पर दिए गए इन बयानों का जिक्र है,'जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासकों के हाथों हमले झेल रहे थे और जेलों में बंद थे, तब आरएसएस के वरिष्ठ विचारक विनायक दामोदर सावरकर अपने औपनिवेशिक आकाओं को दया याचिकाएं लिख रहे थे, और उनके सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे.'

किताब में क्या लिखा है?

नोटिस के अनुसार, पेज 443 पर दिया गया बयान इस प्रकार है,'गांधीजी के समकालीन विनायक दामोदर सावरकर - जो 'हिंदुत्व' विचारधारा के जनक थे - का भारत को लेकर एक अलग ही नजरिया था. उनके अनुसार, भारत मुख्य रूप से एक ऐसा राष्ट्र है, जहां हिंदू सर्वोपरि हैं. यही नजरिया RSS, BJP और देश भर में उनके कई सहयोगी संगठनों का भी है, जिन्हें सामूहिक रूप से 'संघ परिवार' या 'RSS परिवार' कहा जाता है.'

नोटिस में कहा गया है कि पेज 201 पर दिया गया बयान यह धारणा बनाता है कि सावरकर का ब्रिटिश अधिकारियों के साथ कोई संबंध था, या वे भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ अंग्रेजों को जानकारी देने या उनके साथ सहयोग करने जैसी गतिविधियों के लिए जिम्मेदार थे.

नोटिस में आरोपों का खंडन

नोटिस में इस तरह के आरोपों का कड़ा खंडन किया गया है. इसमें कहा गया है कि ऐतिहासिक संदर्भ को देखे बिना ऐसा दावा करना गलत है. सावरकर की कैद, उनकी दया याचिकाओं और राजनीतिक गतिविधियों को उनके सही ऐतिहासिक संदर्भ में ही समझा जाना चाहिए.

इसमें आगे बताया गया है कि ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौरान सावरकर को लंबी कैद और भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, जिसमें अंडमान द्वीप समूह की सेलुलर जेल में बिताया गया समय भी शामिल है.

नोटिस में आरोप लगाया गया है कि उनकी कैद के दौरान दी गई दया याचिकाओं का जिक्र करते समय, उस समय की परिस्थितियों, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और अन्य घटनाओं पर ध्यान नहीं दिया गया. इससे उनके जीवन और राजनीतिक संघर्ष की एक अधूरी और तोड़-मरोड़ कर पेश की गई तस्वीर सामने आती है.

इसमें पेज 443 पर दिए गए उस बयान पर भी आपत्ति जताई गई है, जिसमें कहा गया है कि सावरकर की राजनीतिक और वैचारिक सोच में भारत को एक ऐसे राष्ट्र के रूप में देखा गया है जहां हिंदू सर्वोपरि हैं.

नोटिस के अनुसार, यह बयान सावरकर की राजनीतिक और वैचारिक सोच को बहुत ही सरलीकृत और गलत तरीके से पेश करता है. इसमें कहा गया कि उनके लेखन, भाषणों और राजनीतिक दर्शन को उनके सही ऐतिहासिक, बौद्धिक और राजनीतिक संदर्भ में समझने की जरूरत है.

किताब में पेश की सावरकर की गलत छवि

नोटिस में कहा गया है कि पेज 201 और 443 पर दिए गए बयानों को अगर एक साथ पढ़ा जाए, तो वे सावरकर की एक गलत तस्वीर पेश करते हैं - चाहे वह भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भागीदारी हो या उनका राजनीतिक दर्शन. इससे पाठकों के गुमराह होने की संभावना है और उनकी ऐतिहासिक प्रतिष्ठा व विरासत के बारे में एक अनुचित और नकारात्मक धारणा बन सकती है.

नोटिस में आगे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान भारत सरकार के आधिकारिक कार्यों और उनके व्यक्तिगत कदमों का भी जिक्र किया गया है, जिनके बारे में इसमें कहा गया है कि सावरकर को एक महान देशभक्त और स्वतंत्रता सेनानी के रूप में औपचारिक मान्यता दी गई.

इसमें भारत सरकार की ओर से सावरकर के सम्मान में एक विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करना, और इंदिरा गांधी की ओर से 'स्वातंत्र्यवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक' के लिए अपने बैंक खाते से 11,000 रुपये का व्यक्तिगत योगदान देना शामिल है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More