App

कांग्रेस को रोकने के लिए क्या साथ आएंगे BJP और BAP? बांसवाड़ा से सलूम्बर तक उलझा जिला प्रमुख का गणित

राजस्थान के बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूम्बर में जिला प्रमुख की कुर्सी का मुकाबला दिलचस्प हो गया है. क्या कांग्रेस को रोकने के लिए BJP और BAP साथ आएंगे? 25 नवंबर को होगा बड़ा फैसला.

कांग्रेस को रोकने के लिए क्या साथ आएंगे BJP और BAP? बांसवाड़ा से सलूम्बर तक उलझा जिला प्रमुख का गणित
Image Credit: राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव से पहले बड़ा सियासी खेल.

राजस्थान पंचायत राज चुनाव के नतीजों के बाद अब असली जंग जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर शुरू हो गई है. 25 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले वागड़ और मेवाड़ के चार जिलों बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूम्बर में सियासी पारा सातवें आसमान पर है. किसी भी दल को साफ बहुमत नहीं मिलने से इन चारों जिलों में पेंच फंस गया है. अब चर्चा इस बात की है कि क्या कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने के लिए बीजेपी और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के बीच कोई अंदरूनी खिचड़ी पक रही है?

राजस्थान के आदिवासी अंचल की सियासत में इस वक्त एक ही सवाल गूंज रहा है- क्या 'हाथ' को रोकने के लिए 'कमल' और 'हॉकी-बॉल' (BAP) साथ आ रहे हैं? पंचायत चुनाव के नतीजों ने वागड़ और मेवाड़ के चार जिलों बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूम्बर की तस्वीर को बेहद दिलचस्प बना दिया है. इन चारों ही जिलों में किसी भी पार्टी के पास अपने दम पर जिला प्रमुख बनाने का जादुई आंकड़ा नहीं है. सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस पूरे समीकरण पर नजर बनाए हुए हैं और उनके सिपहसालार इन चारों जिलों में कांग्रेस का खेल बिगाड़ने की रणनीति में जुट गए हैं.

आखिर इन चारों जिलों में किस तरह का सियासी खेल बन रहा है, इसे सीटों के गणित से समझिए-
बात बांसवाड़ा की: यहां कुल 43 सीटों में से बहुमत के लिए 22 सीटें चाहिए. कांग्रेस 21 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन बहुमत से सिर्फ एक कदम दूर है. वहीं BAP के पास 17 और बीजेपी के पास 5 सीटें हैं. अगर बीजेपी और BAP हाथ मिलाते हैं, तो आंकड़ा सीधे 22 पर पहुंच जाता है.

बात डूंगरपुर की: 37 सीटों वाली जिला परिषद में बहुमत का आंकड़ा 19 है. यहां बीजेपी और BAP 14-14 सीटों के साथ बराबरी पर हैं, जबकि कांग्रेस के पास 9 सीटें हैं. यहां भी बिना आपसी समझौते के बोर्ड बनना नामुमकिन है. समीकरण सिर्फ बांसवाड़ा और डूंगरपुर में ही नहीं उलझे हैं, बल्कि प्रतापगढ़ और सलूम्बर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है.

बात ​प्रतापगढ़ की: जिले में कुल 25 सीटों में बहुमत के लिए 13 का आंकड़ा चाहिए. कांग्रेस के पास 11 सीटें हैं. वहीं बीजेपी और BAP के खाते में 7-7 सीटें आई हैं. दोनों मिल जाएं तो संख्या 14 हो जाती है. ​सलूम्बर में 21 सीटों में बहुमत के लिए 11 सदस्य चाहिए. यहां बीजेपी 9 सीटों के साथ सबसे आगे है, कांग्रेस के पास 8 और BAP के पास 4 सीटें हैं. यहां भी BAP की चाबी ही तय करेगी कि प्रमुख किसका बनेगा.

एक तरफ चर्चा है कि बड़े स्तर पर दोनों दलों के नेताओं के बीच संवाद चल रहा है, तो दूसरी तरफ सभी पार्टियों ने अपने-अपने सदस्यों की बाड़ेबंदी कर दी है. ज़ी मीडिया इन सियासी अटकलों और किसी भी अंदरूनी गठबंधन की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है. लेकिन इतना तय है कि 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख के चुनाव में क्रॉस वोटिंग और बड़े उलटफेर की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता."वागड़ और मेवाड़ के इन चारों जिलों में भारत आदिवासी पार्टी पूरी तरह से किंगमेकर की भूमिका में आ चुकी है. अब देखना यह होगा कि 25 नवंबर को जब वोट डाले जाएंगे, तो क्या वाकई सियासत के दो अलग-अलग ध्रुव कांग्रेस को रोकने के लिए एक मंच पर आते हैं या फिर अंतिम समय में बाजी पलटती है.

सीएम खुद नजर बनाए हूए
सूत्रों की माने तों सीएम भजनलाल शर्मा खुद इन चार जिलों में नजर बनाए हुए हैं और हाथ को रोकने के लिए वो यहां बड़ा खेल खेल सकते हैं. अगर सीएम ने यहां बड़ा खेल खेल लिया तो कांग्रेस को इन चार जिलों में जिला प्रमुख की कुर्सी से तो हाथ धोना पड़ेगा और पार्टी को भी इससे काफ़ी नुकसान होगा.
 

Reporter- Ajay Ojha

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

संध्या यादव एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News की रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हाइपरलोकल खबरों, राजनीति, अपराध और जनहित से जुड़े मुद्दों की कवरेज उनकी खासियत है.उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. इसके बाद मीडिया जगत में अपने करियर की शुरुआत की. Zee News से पहले वे Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम कर चुकी हैं. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने न्यूज प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.Mail : sandhya.yadav@zeemedia.comX Handle : https://x.com/JournosandhyaFacebook : https://www.facebook.com/sandhya.yadav.7906
Read More