'2 को मारोगे, तो 70 हजार शूटर्स मौजूद...': अनिल पंडित का नया ऑडियो आया सामने; गैंगस्टर ने टाइगर पर हमले की ली है जिम्मेदारी
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित का नया ऑडियो सामने आया है. इस क्लिप में उसने खुद को लॉरेंस विश्नोई का छोटा भाई बताया है. उसने धमकी भरे लहजे में कहा कि उसके पास शूटर्स की कमी नहीं.
Tiger Shroff: मुंबई में रविवार (18 अक्टूबर) को बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर कुछ हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिन्हें सोमवार (19 अक्टूबर) को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया है. टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़े गैंगेस्टर अनिल पंडित ने ली है. हमले के कुछ समय बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर एक पोस्ट शेयर की और कहा कि वह इस हमले की जिम्मेदारी लेता है.
इसके बाद अनिल पंडित का एक और ऑडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें उसने दावा किया है कि उसके पास एक नहीं, बल्कि 70,000 शूटर्स हैं. सामने आए ऑडियो क्लिप की आधिकारिक पुष्टि तो नहीं हुई है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि यह अनिल पंडित का ही है. बता दें कि अनिल पंडित ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताया है.
नए ऑडियो क्लिप में क्या कहा?
अनिल पंडित ने नए ऑडियो क्लिप में कहा कि ये बॉलीवुड वाले उस वक्त कहां थे, जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत हुई. उस वक्त प्रशासन ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की. उसने यह भी कहा कि जब हमारे बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई ने इनके खिलाफ एक्शन लिया, तो प्रशासन हमारे खिलाफ खड़ा हो रहा है.
ऑडियो में दावा किया गया है कि ये लड़ाई देश के गद्दारों के खिलाफ है और यह चलती रहेगी. अनिल पंडित ने यहां यह भी कहा कि उसके मुंबई में 200 शूटर्स हैं और अलग-अलग इलाकों को मिलाकर उसके पास कुल 70,000 से अधिक शूटर्स हैं.
दाऊद इब्राहिम का भी जिक्र किया
कथित तौर पर अनिल पंडित ने अपने ऑडियो क्लिप में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के नाम का भी जिक्र किया है. उसने यहां तक आरोप लगा दिए कि देश के कुछ एक्टर पाकिस्तान और दुबई में बैठे दाऊद के पैसे से फिल्में बनाते हैं और फिर दोगुना पैसा कमा कर देते हैं और उन पैसों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया जाता है.
अनिल पंडित ने अपने ऑडियो क्लिप में आरोप लगाया कि दाऊद नशे का कारोबार करता है, ब्लास्ट किया, लेकिन उसके खिलाफ प्रशासन नहीं बोला. आज जब हमने उसके खिलाफ एक्शन लिया, तो प्रशासन वाले हमारे पीछे लग गए. अनिल पंडित ने कहा कि हमने तो अपने घर-परिवार छोड़ रखे हैं.
सलमान खान और माफी का जिक्र
इसी ऑडियो क्लिप में अनिल पंडित ने सलमान खान का जिक्र कर उन्हें फिर से धमकी दी. अनिल पंडित ने कहा कि एक्टर सलमान खान जब तक माफी नहीं मांग लेते, तब तक उसका पीछा नहीं छोड़ने वाले. एक्टर का जीना मुहाल कर देंगे. प्रशासन सलमान खान को माफी मांगने के लिए क्यों नहीं कहता है.
अनिल पंडित ने कहा कि अगर वह माफी मांग लेते हैं कि कोई दुश्मनी नहीं बचेगी. अगर वह माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके साथ के सभी लोगों को नतीजा भुगतना होगा. हम सबको मारेंगे. अंत में अनिल पंडित ने धमकी भरे लहजे में कहा कि हमारे दो शूटर्स को मारोगे, तो हमारे 200 भाई लोग मुंबई में बैठे हैं.
यह भी पढ़ें: पानीपत से पाप की दुनिया तक...कौन है लॉरेंस का खास अनिल पंडित, जिसने टाइगर श्रॉफ पर कराया हमला; ऐसी है क्राइम कुंडली