)
Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में बड़ा एक्शन हुआ है. पुलिस ने हमला करने वाले तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्रों ने दावा किया कोटा रेलवे स्टेशन से तीन लोगों को पकड़ा गया है. बताया जा रहा है कि इन तीनों ने ही घटना को अंजाम दिया था. फिलहाल इस मामले की जांच जारी है.
कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए तीन संदिग्ध में से दो हरियाणा के रहने वाले हैं, तो एक हमलावर बिहार का निवासी है, जो मुंबई में रैपिडो राइडर का काम करता है. कोटा पुलिस और AGTF ने इन तीनों को पकड़ा है. फिलहाल अधिकारी आरोपियों से एक्टर पर फायरिंग मामले में पूछताछ कर रहे हैं.
माना जा रहा है कि तीनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हो सकते हैं. इससे पहले मुंबई पुलिस की ओर से आरोपियों की तलाश तेज किए जाने के बीच, हमलावरों की पहली तस्वीरें सामने आई थीं. सामने आई तस्वीरों में दो आदमी एक साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक ने काली टोपी पहनी हुई है.
#WATCH | Firing on Bollywood actor Tiger Shroff: Three accused have been arrested by Rajasthan's Kota Police. Two are residents of Haryana and one of Bihar. The Kota City Police team apprehended them from a train, Kota SP Tejaswani Gautam confirmed to ANI (Visuals from Kota SP Office)
— ANI (@ANI) October 19, 2026
जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपियों को कोटा रेलवे कॉलोनी थाना इलाके से हिरासत में लिया गया है. तीनों आरोपी पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12939) से आ रहे थे, इसी दौरान उन्हें पुलिस ने कोटा से पकड़ा. यह ट्रेन सुबह 10:15 बजे कोटा जंक्शन पहुंचती है. जांच अधिकारी तीनों आरोपियों को कोटा शहर पुलिस कार्यालय में बैठाकर पूछताछ कर रहे हैं.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक बिहार के बेगूसराय का निवासी बताया जा रहा है, तो अन्य दो हरियाणा के रहने वाले हैं. ऋतिक कुमार उर्फ रोशन (22) बिहार के बेंगूसराय का रहने वाला है, जो अंधेरी वेस्ट मुंबई रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता है. इसके अलावा रेहान (18) हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. तीसरा आरोपी नाबालिग है और वह भी हरियाणा का ही रहने वाला है.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों हमलावर जुहू में घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से अंधेरी स्टेशन पहुंचे और बाइक छोड़ी. अंधेरी से ट्रेन पकड़कर वह वसई पहुंचे, जहां से वह वसई से पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हुए. ये ट्रेन ये ट्रेन वसई स्टेशन रात 10:10 बजे पहुंची थी और कोटा आज सुबह 10:15 पहुंची, जहां से पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया है.
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में, कोटा की SP तेजस्वनी गौतम ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया, उन्होंने कहा कि आज सुबह हमें एक सूचना मिली, जिसके बाद हमने अपनी टीम को सक्रिय कर दिया. हमें पता चला कि फायरिंग में शामिल तीन मुख्य संदिग्ध ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं और कोटा पहुंचने वाले हैं. इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, हमारी टीम ने महज 15 मिनट के भीतर जाल बिछाया और पूरी ट्रेन की सघन तलाशी ली.
#WATCH | Kota, Rajasthan: Regarding the firing on Bollywood actor Tiger Shroff, Kota SP Tejaswani Gautam says, "...This morning, we received information, prompting us to activate our team. We learned that the three primary suspects involved in the firing were travelling by train and were due to arrive in Kota. Acting on this information, our team, within just 15 minutes, set a trap and thoroughly searched the entire train. Through this swift action by the Kota City Police, we have apprehended all three suspects responsible for the firing. We will soon hand the suspects over to the Mumbai Police. The names of these three individuals are: Rehan, alias Sukka, from Sonipat, Haryana; Hritik Kurmi, alias Roshan, from Begusarai, Bihar, who had been residing in Mumbai, Maharashtra, for the past few years; and one minor. We have apprehended and detained all three, and we will now hand them over to the Mumbai Police."
— ANI (@ANI) October 19, 2026
उन्होंने कहा कि कोटा सिटी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के चलते, हमने फायरिंग के लिए जिम्मेदार तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया है. हम जल्द ही इन संदिग्धों को मुंबई पुलिस को सौंप देंगे. इन तीनों व्यक्तियों के नाम हैं: हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान उर्फ सुक्का; बिहार के बेगूसराय का रहने वाला ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन, जो पिछले कुछ वर्षों से महाराष्ट्र के मुंबई में रह रहा था और एक नाबालिग. हमने इन तीनों को पकड़ लिया है और अब हम इन्हें मुंबई पुलिस को सौंप देंगे.
तीनों हमलावरों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सूत्र बताते हैं कि ये तीनों शूटर्स किसी हैंडलर्स के संपर्क में थे. सबसे खास है कि ये तीनों लगातार अपनी लोकेशन को लगातार शेयर कर रहे थे. अपनी लोकेशन को शेयर करने के लिए तीनों आरोपी सिग्नल और टेलीग्राम ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे.
गौरतलब है कि एक्टर टाइगर श्रॉफ जुहू के फुटबॉल मैदान से निकलकर अपनी गाड़ी से जा रहे थे, इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावर बाइक से वहां पहुंचे और एक्टर की कार पर फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में एक्टर बाल-बाल बच गए. हालांकि, उनके कार ड्राइवर और एक अन्य शख्स को चोट आई है, जिनका उपचार चल रहा है. एक्टर को भी घटना में मामली चोट आई.हालांकि अस्पताल में सामान्य उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया.
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. देर रात टाइगर श्रॉफ से मिलने के लिए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पहुंचे. उन्होंने उनका हालचाल जाना. इधर, नागपुर में एक पीसी को संबोधित करते हुए राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी शख्स को छोड़ा नहीं जाएगा.