पंजाब से पाकिस्तान के ननकाना साहिब दर्शन करने गए 3 श्रद्धालु लापता, 2 दिन जत्थे के साथ रहे, तीसरे दिन मचा हड़कंप!
गायब हुए तीनों श्रद्धालु 23 और 24 नवंबर को जत्थे के साथ थे, लेकिन 25 नवंबर से उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है. तीनों पंजाब के रहने वाले हैं. इस मामले के सामने आते ही हड़कंप मच गया है.
गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं के जत्थे से 3 लोग लापता हो गए हैं. लापता हुए तीनों श्रद्धालु पंजाब के रहने वाले हैं. बताया गया है कि इस बार भारत से कुल 2,339 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान गया था. यह जत्था 22 नवंबर को ननकाना साहिब पहुंचा था. 23 और 24 नवंबर को सभी श्रद्धालु ननकाना साहिब में ही रुके थे, लेकिन 25 नवंबर की सुबह जब जत्था अगले पड़ाव 'पंजा साहिब' के लिए रवाना होने को तैयार हुआ, तो ये तीनों श्रद्धालु वहां मौजूद नहीं थे.
जैसे ही खबर फैली कि तीन श्रद्धालु लापता हैं तो सब हैरान रह गए और उनकी तलाश शुरू की गई. काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है. बताया जा रहा है कि पाकिस्तान पुलिस तीनों की तलाश में जुटी है.
हरमीत सिंह कालका ने जताया अफसोस
इस मामले में बीजेपी नेता और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका का बयान भी सामने आया है. उनका कहना है कि 'मुझे इस घटना की जानकारी मिली है कि SGPC की तरफ से जो जत्था गया था, उसमें से तीन लोग लापता हैं. अब यह देखना होगा कि जो यात्री वहां से गए हैं, क्या वे अपनी मर्जी से गए हैं? पहली नजर में लगता है कि वे अपनी मर्जी से ही गए हैं, लेकिन अगर लोग ऐसी हरकतें करते हैं तो यह बिल्कुल सही नहीं है और बेहद अफसोसजनक बात है.'
कालका ने आगे कहा कि पाकिस्तान सरकार को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए. उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि पहले जो हालात रहे हैं, उसे देखते हुए लोगों को सोचना चाहिए कि ऐसी हरकतों से न केवल आपका, बल्कि पूरी सिख कौम का सिर शर्म से झुकता है.
गायब हुए तीन श्रद्धालुओं की डिटेल
- बिकर सिंह: पिता का नाम गुरदासराम, निवासी- खोखेवाल, फिल्लौर (जालंधर).
- विक्रमजीत सिंह: पिता का नाम कुंदन, निवासी- गुरुनानक कॉलोनी (तरनतारन).
- हरप्रीत सिंह: पिता का नाम कंवलजीत सिंह, निवासी- सुल्तानविंड (अमृतसर).
सिख धर्म प्रमुख तीर्थस्थल है ननकाना साहिब
ननकाना साहिब सिख धर्म का प्रमुख तीर्थस्थल है, जो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में आता है. यह एक ऐतिहासिक शहर है और यहीं सिखों के पहले गुरु, गुरु नानक देव जी का जन्म हुआ था. यह जगह लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम की तरफ पड़ती है. भारत और पाकिस्तान के बीच 1974 में हुए धार्मिक स्थलों के प्रोटोकॉल (एग्रीमेंट) के तहत, खास मौकों जैसे प्रकाश पर्व पर हर साल भारतीय श्रद्धालुओं के जत्थे यहां दर्शन के लिए जाते हैं.
ये भी पढ़ें: जब भारत के पास आकाश और S-400 है, तो 'भार्गवास्त्र' क्यों बनाया? चाहकर भी हवाई सीमा नहीं लांघ पाएगा दुश्मन
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान: फजलुर रहमान की रैली रोकने उतरा पूरा प्रशासन? सरगोधा में एंट्री बैन;19 धर्मगुरुओं की जबान पर लगाया ताला