)
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय साइबर गुलामी और साइबर ठगी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. इस नेटवर्क के चंगुल में फंसे 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया है. इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं. पुलिस ने गिरोह के कथित मास्टरमाइंड एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो भारतीय आरोपियों सुनील और सुशील की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों तक फैला हुआ था.
अच्छी नौकरी का झांसा देकर भारत बुलाते थे
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य कंबोडिया, मलेशिया और इंडोनेशिया के युवाओं को भारत में अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का लालच देते थे. इसके बाद उन्हें बिजनेस वीजा पर भारत बुलाया जाता था. यहां पहुंचते ही उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ साइबर ठगी के काम में लगा दिया जाता था. विरोध करने पर युवाओं को डराया-धमकाया जाता था और उनके साथ मारपीट भी की जाती थी. इन युवाओं की उम्र 19 से 25 साल के बीच बताई गई है.
दिल्ली-NCR में चल रहे थे कॉल सेंटर
पुलिस के मुताबिक, गिरोह दिल्ली-NCR में कॉल सेंटर चला रहा था. यहां बंधक बनाए गए विदेशी नागरिकों से उनके ही देश के लोगों को फोन करवाकर ठगी कराई जाती थी. इसके लिए उन्हें बाकायदा ट्रेनिंग भी दी जाती थी, ताकि वे लोगों को आसानी से अपने जाल में फंसा सकें.
गिरोह के मास्टरमाइंड ने नोएडा में लाखों रुपये मासिक किराये पर PG लिया हुआ था. विदेशी नागरिकों को इसी जगह रखा जाता था. उन्हें PG से कॉल सेंटर तक लाने और वापस ले जाने के लिए दर्जनों कैब किराये पर लगाई गई थीं.
दिल्ली: संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) सुरेंद्र कुमार ने कहा, "दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने एक इंटरनेशनल साइबर स्लेवरी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इसमें इंडोनेशियाई और मलेशियाई मूल के 164 नागरिकों को रेस्क्यू कराया गया है। ये लोग द्वारका सेक्टर-136 में एक कॉल सेंटर में काम करते थे। सभी लोग करीब ढाई से तीन महीने पहले बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। भारत आने के बाद इनके पासपोर्ट छीन लिए जाते थे और इन्हें एक लिखित स्क्रिप्ट दी जाती थी, जिसके जरिए ये अपने ही देश के नागरिकों को टारगेट करते थे और साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम देते थे। इस रैकेट का किंगपिन सुनील कुमार नाम का एक व्यक्ति है, जो अभी बाहर है। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुशील कुमार भाटी नाम का एक व्यक्ति यहां मैनेजर था, जो सारे काम संभालता था। वह अभी फरार है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विलियम नाम के एक मलेशियाई नागरिक को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है..."
— IANS Hindi (@IANSKhabar) November 26, 2026
विदेशी नागरिक के ईमेल से खुला नेटवर्क
इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का खुलासा एक विदेशी नागरिक के ईमेल से हुआ. शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और धीरे-धीरे मानव तस्करी तथा साइबर फ्रॉड के इस नेटवर्क का पता चला. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया.
355 मोबाइल और 150 से ज्यादा पासपोर्ट बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से ज्यादा पासपोर्ट बरामद किए हैं. गिरफ्तार मलेशियाई नागरिक के अलावा भारतीय आरोपी सुनील और सुशील की तलाश जारी है.
मामले की जानकारी विदेश मंत्रालय और संबंधित देशों के दूतावासों को दे दी गई है. सभी मुक्त कराए गए नागरिकों को उनके देश वापस भेजने के लिए फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) की मदद ली जा रही है. दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट सीपी क्राइम ब्रांच सुरेंद्र कुमार ने इस कार्रवाई की जानकारी दी.
देवेश कुमार की रिपोर्ट