)
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में सड़क किनारे की एक दुकान से शोरमा खाने के बाद 53 लोग बीमार पड़ गए. इनमें 17 बच्चे और 25 महिलाएं शामिल हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बीमार लोगों का इलाज इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है. अस्पताल प्रशासन से जारी हुए बुलेटिन के मुताबिक, सभी पीड़ितों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है. इस बेहद गंभीर मामले में निजामपुरा पुलिस थाने में दुकान के मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खाद्य तथा औषधि प्रशासन के नियमों के तहत मामला दर्ज किया गया है.
इस घटना के बाद खाने की दुकान सवालों के घेरे में है. दुकान का मालिक फरार बताया जा रहा है और नगर निगम ने स्टॉल को ढहा दिया है. भिवंडी के वंजारपट्टी नाका इलाके में 23 नवंबर की रात लोगों ने एक दुकान से शोरमा खाया था. इसके बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. पहले पहल बीमार लोगों की संख्या 11 बताई गई थी, जो बुधवार तक बढ़कर 53 हो गई.
सभी मरीजों को सरकारी इंदिरा गांधी मेमोरियल (IGM) अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल सभी की हालत स्थिर है.
मरीजों के उल्टी और (यूरिन-स्टूल) के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं. इन जांचों से ये पता लगाने में मदद मिलेगी कि लोगों की तबीयत वास्तव में शोरमा खाने से बिगड़ी या इसकी कोई दूसरी वजह थी.
पुणे के फूड सेफ्टी डिपार्मेंट के एडिशनल कमिश्नर संतोष शिसोदिया के मुताबिक, नगर निगम को सड़क किनारे फूड आइटम्स बेचने वालों के लिए तय जगह निर्धारित करने को कहा गया है, ताकि उनकी नियमित निगरानी करने के साथ उन्हें साफ-सफाई के साथ खाना तैयार करने की ट्रेनिंग दी जा सके.
अधिकारी ने भिवंडी में सप्लाई होने वाले पीने के पानी की गुणवत्ता पर भी चिंता जताते हुए कहा, कई इलाकों के नलकों से पीले रंग का पानी आ रहा है, वो भी चिंता का विषय है.
फिलहाल इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद भिवंडी-निजामपुर नगर निगम ने इलाके में सड़क किनारे लगने वाले खाने के स्टॉल्स की हर दिन शाम 6 से रात 10 बजे तक औचक निरीक्षण करने का आदेश दिया है. जांच के लिए नगर निगम, महाराष्ट्र FDA और जरूरत पड़ने पर पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई जाएंगी. शवर्मा, कबाब, बिरयानी, फास्ट फूड और दूसरे स्ट्रीट फूड बेचने वाले दुकानदारों की भी जांच होगी.