App

पिकनिक पर गए थे एंजॉय करने, लौट कर आए तो हो गई फूड प्वाइजनिंग... घरवालों से लेकर स्कूल तक मचा हड़कंप

खूंटी में पिकनिक से लौटे पीएम श्री उच्च विद्यालय तिलमी के करीब 30 बच्चे बीमार हो गए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने संभावित कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. साथ ही, जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

पिकनिक पर गए थे एंजॉय करने, लौट कर आए तो हो गई फूड प्वाइजनिंग... घरवालों से लेकर स्कूल तक मचा हड़कंप
Image Credit: खूंटी में पिकनिक से लौटे करीब 30 बच्चे बीमार (वीडियो ग्रैब)

झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड में शैक्षणिक भ्रमण से लौटे पीएम श्री उच्च विद्यालय तिलमी के करीब 30 बच्चे बीमार हो गए हैं. रविवार शाम से बच्चों में उल्टी, दस्त, तेज बुखार और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई, जो सोमवार सुबह तक कई बच्चों में सामने आई. कई बच्चों को इलाज के लिए कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.

सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में
चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बच्चों के बीमार पड़ने की घटना का संबंध तीन अक्टूबर को हुए शैक्षणिक भ्रमण से होने की आशंका है. विद्यालय की ओर से बच्चों को तोरपा प्रखंड के डोड़मा स्थित गुरुकुल और रानीफॉल ले जाया गया था. भ्रमण के दौरान बच्चों ने खुद खाना तैयार किया था.

संक्रमण की वजह से परेशानी
इसके अलावा पिकनिक स्थल के आसपास लगे ठेलों से भी कुछ बच्चों द्वारा खाद्य सामग्री खाने की जानकारी सामने आई है. बच्चों में बीमारी का कारण दूषित भोजन है या किसी संक्रमण की वजह से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने संभावित कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. प्रभावित बच्चों में तिलमी गांव के बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है.

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
इसके अलावा मासको और बरवादाग गांव के कुछ बच्चे भी बीमार हुए हैं. मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ा दी है. सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक के निर्देश पर मेडिकल टीमों को तिलमी, मासको और बरवादाग भेजा गया है. स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर बच्चों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं. संदिग्ध मामलों की पहचान के साथ जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.

जिला अस्पताल को किया गया अलर्ट
कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती बच्चों की चिकित्सकों द्वारा निगरानी की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल को भी अलर्ट पर रखा है, ताकि किसी बच्चे की स्थिति बिगड़ने पर उसे तत्काल बेहतर उपचार के लिए वहां भेजा जा सके.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More