)
NCP के दोनों गुटों के विलय की कयासबाजी के बीच दिवंगत नेता अजित पवार के विमान हादसे की CBI से जांच कराने की मांग तेज हो गई है. इस बार शरद पवार की पार्टी रोहित पवार ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री की मौत की CBI जांच के लिए आवाज उठाई है. रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस विमान हादसे की CBI जांच कराने की अपील की है. उन्होंने ऐसे समय इस मुद्दे को उठाया, जब अमित शाह दो दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर हैं. रोहित पवार ने रविवार (15 नवंबर) को एक्स पर लिखा कि अजित दादा के विमान हादसे की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने की मांग की.
अजित पवार के नाम पर सियासत शुरू!
बता दें कि पुणे जिला परिषद परिसर में अजित पवार की प्रतिमा स्थापित की गई है. आज (सोमवार, 16 नवंबर) को अमित शाह इस प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और एकनाथ शिंदे समेत कई नेता शामिल होंगे. इस कार्यक्रम से पहले शरद गुट के विधायक रोहित पवार ने अजित पवार की सीबीआई जांच कराने की मांग उठा दी.
पुणे रिंग रोड का नाम बदलने की मांग
इसके साथ ही उन्होंने पुणे रिंग रोड का नाम बदलकर दिवंगत डिप्टी सीएम के नाम पर रखने की मांग की है. NCP (अजित गुट) के नेताओं पर निशाना साधते हुए रोहित पवार ने सवाल किया कि राज्य सरकार में मंत्री पद पर बैठे लोग पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग क्यों नहीं कर रहे? इस दौरान रोहित पवार ने पुणे जिला परिषद परिसर में अजित पवार की प्रतिमा स्थापित स्थापित किए जाने का समर्थन किया.
पहले भी उठ चुकी है CBI जांच की मांग
बता दें कि 28 जनवरी 2026 को पुणे के बारामती में हुए अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. रोहित पवार से पहले भी इस घटना की CBI से जांच कराने की मांग उठ चुकी है. अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार समेत NCP के तमाम नेताओं ने विमान हादसे की CBI जांच कराने की मांग की है. सुनेत्रा पवार ने इसे लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी. जिसके बाद सीएम फडणवीस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने इस मुद्दे को उठाया था. सीएम फडणवीस ने पत्रकारों को बताया था कि डीजीसीए की ओर से वीएसआर कंपनी का ऑडिट किया जा रहा है और उसकी सभी लॉगबुक की जांच की जा रही है.