)
कोटा रेलवे में कम बुकिंग का असर अब छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर दिखाई देने लगा है. कोटा रेल मंडल ने ऐसे 8 स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग की सुविधा बंद कर दी है, जहां से माल की बुकिंग बेहद कम हो रही थी और पार्सल घरों का संचालन रेलवे के लिए खर्चीला साबित हो रहा था. इस फैसले के बाद मंडल के 13 महत्वपूर्ण स्टेशनों में से अब केवल 5 स्टेशनों पर ही पार्सल बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसका सीधा असर उन छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर पड़ सकता है, जो रेलवे के जरिए एक शहर से दूसरे शहर तक अपना सामान भेजते थे.
रेलवे के इस फैसले के तहत पहले हिंडौन सिटी, बाड़ी, बयाना और गंगापुर सिटी के पार्सल घर बंद किए गए थे. अब चौमहला, रामगंजमंडी, विक्रमगढ़ आलोट और शामगढ़ के पार्सल घरों को भी बंद कर दिया गया है. यानी कोटा रेल मंडल के कुल 8 स्टेशनों पर यह सुविधा समाप्त हो चुकी है.
सर्वे के बाद लिया गया फैसला, खर्च नहीं निकल रहा था
रेलवे की ओर से कराए गए सर्वे के बाद इन पार्सल घरों को बंद करने का निर्णय लिया गया. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जिन स्टेशनों पर पार्सल की बुकिंग बहुत कम थी, वहां कर्मचारियों और संचालन पर होने वाला खर्च भी पूरा नहीं निकल पा रहा था. इसी वजह से इन केंद्रों को जारी रखना व्यावहारिक नहीं रह गया था. कोटा मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन के अनुसार, जिन स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग बेहद कम थी और संचालन लागत नहीं निकल पा रही थी, उन्हें बंद किया गया है.
छोटे व्यापारियों की बढ़ेगी मुश्किल, सड़क से भेजना पड़ेगा सामान
पार्सल घर बंद होने का असर स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों पर पड़ सकता है. पहले व्यापारी रेलवे के जरिए कम खर्च में अपना सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेज पाते थे. अब संबंधित स्टेशनों पर यह सुविधा नहीं मिलने से उन्हें सड़क मार्ग से माल परिवहन का विकल्प अपनाना पड़ेगा.
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि रेलवे की किफायती पार्सल सुविधा बंद होने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ेगा. इससे छोटे दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. व्यापारियों ने आमजन और दुकानदारों के हितों को देखते हुए इस निर्णय पर दोबारा विचार करने की मांग भी उठाई है.
बड़े शहरों के लिए पार्सल वैन लीज की सुविधा जारी
एक तरफ छोटे स्टेशनों पर पार्सल घर बंद किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रेलवे बड़े शहरों के लिए पार्सल वैन लीज पर देने की सुविधा जारी रखे हुए है. इसके जरिए व्यापारी बड़े शहरों से अपने सामान की बुकिंग कर गंतव्य तक भेज सकते हैं. लीज होल्डर व्यापारियों को उनका माल सीधे गोदाम तक पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध कराते हैं.
रेलवे की यह व्यवस्था बड़े व्यापारियों के लिए उपयोगी हो सकती है, लेकिन छोटे कस्बों और स्थानीय दुकानदारों के लिए पार्सल घरों का बंद होना एक नई चुनौती बन गया है. अब देखना होगा कि रेलवे व्यापारियों की मांग पर इन स्टेशनों पर पार्सल सुविधा बहाल करने को लेकर कोई पुनर्विचार करता है या नहीं.
Reporter- Chetan Gurjar